‘संजू खुद ही अपनी मुश्किलें बढ़ा रहे हैं’ – पहले टी20आई में संजू सैमसन के खराब प्रदर्शन से नाराज संजय मांजरेकर
मांजरेकर ने सैमसन की अस्थिर बल्लेबाजी को लेकर दिया बड़ा बयान।
अद्यतन - सितम्बर 14, 2026 5:03 अपराह्न

Sanjay Manjrekar on Sanju Samson: अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में संजू सैमसन सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हुए। उनकी लगातार खराब फॉर्म के बाद संजय मांजरेकर ने उनकी बल्लेबाजी को लेकर सवाल उठाए हैं।
भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 मुकाबला 13 सितंबर को दिल्ली में खेला गया। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 157 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में भारतीय टीम ने सिर्फ 13.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
भारत की पारी की शुरुआत करने उतरे संजू सैमसन एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। वह 8 गेंदों में सिर्फ 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद उनकी फॉर्म को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मुकाबले के दौरान कमेंट्री कर रहे पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने सैमसन की लगातार खराब बल्लेबाजी पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि सैमसन काफी असंगत प्रदर्शन कर रहे हैं और अपनी स्थिति को खुद मजबूत नहीं कर पा रहे हैं।
सैमसन के पिछले चार टी20 इंटरनेशनल स्कोर भी उनकी खराब फॉर्म की कहानी बताते हैं। उन्होंने पिछली चार पारियों में 27, 1, 0 और 5 रन बनाए हैं। ऐसे में टीम में उनकी जगह को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
अभिषेक और ईशान ने संभाली पारी
सैमसन के जल्दी आउट होने के बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने भारत की पारी को पूरी तरह संभाल लिया। अभिषेक ने सिर्फ 32 गेंदों में 82 रन की तूफानी पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं ईशान किशन ने 33 गेंदों में 42 रन बनाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 53 गेंदों में 121 रन की शानदार साझेदारी की और भारत की जीत आसान कर दी।
भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा टी20 15 सितंबर को खेला जाना है। सैमसन के पास अपनी फॉर्म में वापसी करने का एक और मौका होगा। हालांकि, वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा विकल्प के मौजूद होने से सैमसन पर दबाव बढ़ता जा रहा है।