18 सितंबर, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

18 सितंबर, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।

Evening News Headlines (Image Credit- Twitter X)
Evening News Headlines (Image Credit- Twitter X)

1. BCCI के इस फैसले से मोहम्मद शमी-भुवनेश्वर कुमार का करियर अधर में, कहा ‘मूवऑन’

भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार को वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं मिली है। बुधवार को घोषित भारतीय टीम में दोनों खिलाड़ियों का नाम नहीं था। इसके बाद उनकी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस बीच, पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि शमी और भुवनेश्वर के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी का समय अब मुश्किल हो सकता है। उन्होंने कहा कि टी20 में भुवनेश्वर और वनडे में शमी के नाम पर विचार किया जा सकता था, लेकिन चयनकर्ताओं ने दोनों को मौका नहीं दिया।

चोपड़ा ने यह भी कहा कि भारतीय टीम में अब कई नए खिलाड़ियों को अवसर मिल रहे हैं। वनडे टीम में आकिब नबी को शामिल किया गया है, जबकि टी20 टीम में मयंक यादव और प्रिंस यादव जैसे खिलाड़ियों को मौका मिला है। उनके अनुसार, लगातार नए खिलाड़ियों को अवसर मिलना एक संकेत है और शमी-भुवनेश्वर को इसे स्वीकार करते हुए आगे बढ़ने के बारे में सोचना चाहिए। शायद अब बीसीसीआई ने दोनों से ‘मूवऑन’ होने का फैसला कर लिया है।

2. Asian Games 2026: भारतीय महिला टीम ने जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जापान महिला टीम को 8 विकेट से हराकर, जारी एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। बता दें एशियन गेम्स क्रिकेट में महिला श्रेणी का चौथा क्वार्टरफाइनल मैच 18 सितंबर को भारत और जापान की महिला टीमों के बीच कारोगी स्पोर्ट्स पार्क, निशिन में खेला गया। इस मैच में जीत हासिल कर भारत ने दूसरे सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब उसका दूसरे सेमीफाइनल में 20 सितंबर को बांग्लादेश विमेंस टीम से सामना होगा।

3. भारत ने रचा इतिहास, T20I में 53वीं बार बनाया 200+ स्कोर, जानें सबसे ज्यादा बार ये कारनामा करने वालीं टाॅप-5 टीमों के बारे में

टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजों के लिए तेजी से रन बनाना सबसे अहम होता है। इस फॉर्मेट में 200 रन का आंकड़ा पार करना किसी भी टीम के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता है। भारतीय टीम ने इस मामले में एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। भारत पुरुषों के टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 या उससे ज्यादा रन बनाने के मामले में सबसे आगे निकल गया है। भारत अब तक कुल 53 बार 200+ का स्कोर बना चुका है।

भारत के बाद इस सूची में दक्षिण अफ्रीका का नाम आता है। दक्षिण अफ्रीका ने टी20 इंटरनेशनल में 31 बार 200 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। वहीं इंग्लैंड की टीम ने 29 बार यह आंकड़ा पार किया है। इसके बाद न्यूजीलैंड का नंबर आता है, जिसने 28 बार 200+ स्कोर बनाया है। वेस्टइंडीज की टीम ने 26 बार और ऑस्ट्रेलिया ने 25 बार यह उपलब्धि हासिल की है।

4. विराट कोहली से लेकर अभिषेक शर्मा तक, T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले टाॅप-5 भारतीय बल्लेबाज

समय के साथ भारत में टी20 क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ती जा रही है। आईपीएल के बाद तो इसकी लोकप्रियता का क्या ही कहना। समय के साथ टी20 क्रिकेट में भारतीय बल्लेबाजों ने अपनी बल्लेबाज का लोहा मनवाया और ढेरों रन बनाने के साथ बहुत से क्रिकेट रिकाॅर्ड्स को तोड़ा।

तो वहीं, आज इस खबर में हम आपको टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले टाॅप पांच भारतीय खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं। तो आइए इन पांच धुरंधरों के बारे में जानते हैं: 5. रोहित शर्मा (8), 4. संजू सैमसन (8), 3. केएल राहुल (8), 2. अभिषेक शर्मा (10), 1. विराट कोहली (10)

5. कप्तान श्रेयस अय्यर के इस जैस्चर ने जीता फैंस का दिल, सीरीज जीतने के बाद अफगानी कप्तान को फोटो के लिए बुलाया

अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज को 3-0 से जीतने के बाद, भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर के एक जैस्चर ने क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया है। बता दें सीरीज जीतने के बाद श्रेयस ने विरोधी टीम के कप्तान इब्राहिम जादरान को ट्राॅफी सेलेब्रेशन के दौरान साथ फोटों खिंचवाने के लिए आमंत्रित किया। इसको लेकर कुछ वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिन्हें फैंस द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है।

6. साउथ अफ्रीका को तगड़ा झटका, लुंगी एनगिडी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर

साउथ अफ्रीका को घरेलू सरजमीं पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज खेलनी है। इस सीरीज से पहले साउथ अफ्रीका को तगड़ा झटका लगा है। दरअसल, उसके तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं। टेस्ट सीरीज में उनकी उपलब्धता को लेकर भी संदेह गहरा गया है।

7. युवराज सिंह ने क्या दिया था गुरुमंत्र? 30 गेंदों में शतक जड़ने के बाद अभिषेक शर्मा ने किया बड़ा खुलासा

अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 मैच के बाद, अभिषेक शर्मा ने बताया कि युवराज सिंह की ओर से भेजे गए मैसेज में उन्हें सलाह दी गई थी कि वह हर गेंद पर जबरदस्ती शॉट लगाने की कोशिश न करें। जब गेंद उनके हिटिंग जोन में न हो, तो स्ट्राइक रोटेट करते हुए रन लें। उन्होंने यह भी कहा कि युवराज सिंह हमेशा चाहते हैं कि वह बड़ी पारी खेलें। अभिषेक ने कहा कि उनके दिमाग में हमेशा अच्छी शुरुआत करने की बात रहती है। अगर उनकी अच्छी शुरुआत से टीम जीत की स्थिति में पहुंचती है, तो यह उनके लिए बहुत मायने रखता है।

8. Asian Games 2026: भारत-बांग्लादेश सेमीफाइनल हुआ रद्द, तो कौन खेलेगा फाइनल? जानें क्या कहता है नियम

एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट खेल महिला श्रेणी में भारत का सामना 20 सितंबर को बांग्लादेश से होने वाला है। टूर्नामेंट के नियमों के मुताबिक, अगर भारत और बांग्लादेश के बीच होने वाला यह नॉकआउट मुकाबला भारी बारिश के कारण बिना किसी नतीजे के रद्द हो जाता है, तो भारतीय महिला टीम सीधे फाइनल का टिकट कटा लेगी। टूर्नामेंट की आधिकारिक प्लेइंग कंडीशन के तहत सेमीफाइनल मैच के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है। अगर मैच पूरी तरह से धुल जाता है और न्यूनतम ओवरों का खेल भी संभव नहीं हो पाता, तो बेहतर रैंकिंग और ऊंची सीडिंग वाली टीम को विजेता मानकर आगे भेज दिया जाता है।

close whatsapp