वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने यूथ वनडे में भारत की अंडर-19 टीम के लिए किया डेब्यू, द्रविड़ के बेटे ने भी किया कमाल
दोनों युवा खिलाड़ी वनडे टीम में शामिल हैं।
अद्यतन - सितम्बर 18, 2026 6:00 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट में वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ का नाम किसी पहचान का मोहताज नहीं है। अब इन दोनों दिग्गज खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी भी क्रिकेट के मैदान पर अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही है।
वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने भारत की अंडर-19 टीम के लिए अपना डेब्यू कर लिया है। वहीं राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ भी भारतीय अंडर-19 टीम में शामिल हैं।
दोनों युवा खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ वनडे मुकाबलों के लिए टीम में चुना गया है। आर्यवीर के लिए यह मौका खास है, क्योंकि पहली बार उन्होंने भारतीय टीम की जर्सी में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कदम रखा है।
आर्यवीर ने घरेलू क्रिकेट में दिखाया दम
आर्यवीर सहवाग दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। उन्होंने कम उम्र में ही घरेलू क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी से ध्यान खींचा है। कूच बिहार ट्रॉफी में उन्होंने मेघालय के खिलाफ शानदार 297 रन की पारी खेली थी। इस प्रदर्शन से उनकी बल्लेबाजी क्षमता का अंदाजा लगाया जा सकता है। इसके अलावा आर्यवीर दिल्ली प्रीमियर लीग में भी खेल चुके हैं। अब भारत U-19 टीम में जगह मिलने के बाद उनके सामने खुद को अंतरराष्ट्रीय युवा क्रिकेट में साबित करने का मौका है।
अन्वय द्रविड़ भी टीम में
राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। वह पहले भी भारत U-19 टीम का हिस्सा रह चुके हैं। श्रीलंका के खिलाफ युवा वनडे सीरीज में उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 87 रन की पारी खेली थी।
भारत और ऑस्ट्रेलिया की U-19 टीमों के बीच तीन वनडे मुकाबले 18, 21 और 23 सितंबर को राजकोट में खेले जाने हैं। इस सीरीज में आर्यवीर और अन्वय दोनों के प्रदर्शन पर नजर रहेगी। दोनों युवा खिलाड़ियों के लिए यह सीरीज अपने मशहूर क्रिकेट परिवारों की पहचान से आगे बढ़कर अपनी खुद की पहचान बनाने का अवसर है।
ये भी पढ़ें – भारत ने रचा इतिहास, T20I में 53वीं बार बनाया 200+ स्कोर, जानें सबसे ज्यादा बार ये कारनामा करने वालीं टाॅप-5 टीमों के बारे में