सात साल बाद फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में बाबर आजम की फीकी वापसी, महज 12 रन बनाकर सस्ते में हुए आउट
सात साल बाद फर्स्ट क्लास क्रिकेट में लौटे बाबर।
अद्यतन - सितम्बर 26, 2026 5:56 अपराह्न

पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम की सात साल बाद फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वापसी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। प्रेसिडेंट ट्रॉफी ग्रेड-I के तीसरे दौर में ऑयल एंड गैस डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (OGDCL) की ओर से खेलते हुए बाबर सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हो गए। एबटाबाद क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार, 26 सितंबर को मुकाबले के तीसरे दिन उन्हें बल्लेबाजी का मौका मिला।
बाबर ने 20 गेंदों का सामना किया और दो चौके लगाए। वह 12 रन के स्कोर पर तेज गेंदबाज अरशद इकबाल की शॉर्ट गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। अब्दुल फसीह ने उनका कैच पकड़ा। बाबर के आउट होने के बाद OGDCL का स्कोर 46 रन पर चार विकेट हो गया और टीम पर फॉलोऑन का खतरा मंडराने लगा।
बाउंसर पर गंवाया विकेट
बाबर को अरशद इकबाल ने एक तेज बाउंसर फेंकी। बल्लेबाज ने इस छोटी गेंद को खेलने की कोशिश की, लेकिन शॉट सही तरीके से नहीं लगा और गेंद फील्डर के हाथों में चली गई। अरशद उस समय KRL के सबसे प्रभावी गेंदबाज रहे।
उन्होंने OGDCL के शुरुआती चार विकेटों में से तीन विकेट अपने नाम किए। KRL ने पहली पारी में 398 रन का बड़ा स्कोर बनाया था। ऐसे में OGDCL के सामने मजबूत जवाब देने की चुनौती थी।
सात साल बाद फर्स्ट क्लास में वापसी
Babar Azam is GONE! 🔥
7 years of waiting to play First Class cricket again… and he’s out for just 12 runs off 20 balls! 😭
Arshad Iqbal is ON FIRE!🔥 pic.twitter.com/hECRwFiBG7
— Humais khan (@Humireacts) September 26, 2026
बाबर ने आखिरी बार दिसंबर 2019 में घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेला था। इसके बाद वह लगातार अंतरराष्ट्रीय और सीमित ओवरों के क्रिकेट में व्यस्त रहे। उनकी वापसी को लेकर पाकिस्तान में काफी चर्चा थी।
इस मुकाबले में बाबर की मौजूदगी देखने के लिए एबटाबाद स्टेडियम में बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे। मैच के दौरान कुछ फैंस मैदान में उतरकर बाबर से मिलने की कोशिश करते भी नजर आए।
इससे उनकी लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि बाबर की पारी छोटी रही, लेकिन सात साल बाद घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनकी वापसी ने इस मुकाबले को खास बना दिया।
ये भी पढ़ें – ‘मेरा काम अभी पूरा नहीं हुआ है’ – रोहित शर्मा की नजरें 2027 वर्ल्ड कप पर