Muthoot Fincorp की डील से BCCI को कितनी होगी कमाई? यहां जानें
दो सीजन में 35 घरेलू अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए हुई साझेदारी
अद्यतन - सितम्बर 27, 2026 1:50 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय क्रिकेट के अगले दो घरेलू सीजन के लिए Muthoot Fincorp के साथ टाइटल स्पॉन्सरशिप डील पूरी कर ली है। यह साझेदारी 31 मार्च 2028 तक चलेगी। इसके तहत भारत में खेले जाने वाले करीब 35 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले शामिल होंगे। डील की बेस कीमत 4.85 करोड़ रुपये प्रति मैच तय की गई है।
नई साझेदारी में 10 टेस्ट, 12 वनडे और 13 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच शामिल हैं। इस डील को ‘Blue Muthoot’ नाम दिया गया है। साझेदारी की शुरुआत भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर 2026 से शुरू होने वाली वनडे सीरीज से होगी। सीरीज का पहला मुकाबला तिरुवनंतपुरम में खेला जा रहा है।
BCCI ने 26 सितंबर को मीडिया एडवाइजरी के जरिए इस नई साझेदारी की जानकारी दी। इसके साथ ही SBI Life, Campa और ChatGPT को भी मार्च 2028 तक Associate Partners बनाया गया है।
टेंडर में नहीं मिली थी कोई बोली
Muthoot Fincorp के साथ यह समझौता सीधे तौर पर बातचीत के जरिए हुआ। BCCI ने टाइटल स्पॉन्सरशिप के लिए टेंडर जारी किया था, जिसकी बोली जमा करने की आखिरी तारीख 13 अगस्त थी। हालांकि, तय समय तक कोई बोली नहीं मिली। इसके बाद बोर्ड ने Muthoot Fincorp के साथ बातचीत शुरू की और डील को अंतिम रूप दिया।
इससे पहले IDFC First Bank टाइटल स्पॉन्सर था और उसने प्रति मैच 4.2 करोड़ रुपये दिए थे। नई डील की बेस कीमत 4.85 करोड़ रुपये प्रति मैच बताई गई है। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक अंतिम रकम इससे कम हो सकती है और BCCI ने अभी वास्तविक राशि की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कितनी हो सकती है BCCI की कमाई?
अगर 4.85 करोड़ रुपये प्रति मैच की बेस कीमत को करीब 35 मुकाबलों पर लागू किया जाए, तो कुल रकम लगभग 170 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। अलग-अलग रिपोर्टों में इस डील की अनुमानित कीमत 150 से 171 करोड़ रुपये के बीच बताई गई है। अंतिम आंकड़ा BCCI की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट होगा।
ये भी पढ़ें – ‘सारा दोष उन्हीं पर मढ़ दिया जाता है’ – अगले चीफ सेलेक्टर को सुनील गावस्कर का अलर्ट!