27 सितंबर, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।
अद्यतन - सितम्बर 27, 2026 4:28 अपराह्न

1. IND vs WI 2026, 1st ODI: भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया, देखें दोनों टीमों की प्लेइंग XI
तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहले वनडे में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीता और पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। नीचे दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन देखें।
टीमें:
वेस्टइंडीज (प्लेइंग इलेवन): जॉन कैंपबेल, जस्टिन ग्रीव्स, केसी कार्टी, शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), अमीर जांगू, ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्डे, गुडाकेश मोती, अल्जारी जोसेफ, जेडन सील्स
भारत (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, रवींद्र जड़ेजा, नितीश कुमार रेड्डी, गुरनूर बरार, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा
2. IND vs WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में रोहित-विराट के निशाने पर ये बड़े ‘रिकॉर्ड’
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला का पहला मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में खेला जा रहा है। इस मैच में सभी क्रिकेट फैंस की नजरें रोहित शर्मा और विराट कोहली पर होंगी। दोनों अनुभवी बल्लेबाज कई बड़ी उपलब्धियों के करीब हैं और उनके पास इस सीरीज में नए रिकॉर्ड बनाने का मौका है। विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 43 मुकाबलों की 41 पारियों में 2,261 रन बनाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 66.50 है। इस दौरान उन्होंने नौ शतक और 11 अर्धशतक लगाए हैं।
विराट अब एकदिवसीय क्रिकेट में 15 हजार रन पूरे करने से सिर्फ 59 रन दूर हैं। उन्होंने 314 मुकाबलों में 14,941 रन बनाए हैं। अगर वह यह आंकड़ा हासिल करते हैं, तो सचिन तेंदुलकर के बाद 15 हजार एकदिवसीय रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। रोहित शर्मा 12 हजार एकदिवसीय रन पूरे करने से सिर्फ 105 रन दूर हैं। उन्होंने अब तक 288 मुकाबलों में 11,895 रन बनाए हैं, जिसमें 34 शतक शामिल हैं।
3. SA vs AUS: सुपरमैन बने कूपर कॉनॉली, एक हाथ से पकड़ा हैरतअंगेज कैच, वायरल वीडियो आपने देखी क्या
रविवार, 27 सितंबर को जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच के दौरान फील्डिंग का एक शानदार नजारा देखने को मिला, जिसने दर्शकों को चौंका दिया। ऑस्ट्रेलिया के युवा ऑलराउंडर कूपर कॉनॉली ने कवर-पॉइंट पर एक हाथ से शानदार कैच लपका और मैच की पहली ही गेंद पर दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज एडेन मार्करम को ‘गोल्डन डक’ पर आउट कर दिया।
4. “यहां बिल्कुल घर जैसा माहौल है” – ठाणे के केयर सेंटर से विनोद कांबली का वीडियो वायरल, फैंस ने जताई चिंता
पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली ठाणे के ‘निदान सेंटर फॉर एल्डरली केयर’ के एक नए वीडियो में नजर आए हैं। इस वीडियो में उन्होंने अपने फॉलोअर्स को भरोसा दिलाया है, साथ ही उनकी सेहत और रिकवरी को लेकर फिर से चर्चा शुरू हो गई है। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक छोटे से वीडियो में, 52 साल के पूर्व मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज ने केयर फैसिलिटी का दिल से शुक्रिया अदा किया। उन्होंने वहां रहने के दौरान मिले अपनापन, साफ-सफाई और घर जैसे आराम की तारीफ की।
कांबली ने कहा, “मैं निदान में हूं। मुझे बहुत अच्छी सुविधाएं मिली हैं, और मैं कहूंगा कि साफ-सफाई वगैरह, सब कुछ फर्स्ट क्लास है। यहां कहीं भी ऐसा नहीं लगता कि मैं घर पर नहीं हूं।” उन्होंने स्टाफ के सहयोग और प्यार के लिए उनकी तारीफ भी की।
5. Asian Games के चलते वेस्टइंडीज ODI सीरीज से बाहर हुए 5 बड़े भारतीय खिलाड़ी
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 27 सितंबर से शुरू होने जा रही है। सीरीज का पहला मुकाबला तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा वनडे 30 सितंबर को गुवाहाटी और तीसरा मुकाबला 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में होगा।
इस सीरीज के लिए भारतीय टीम में कई नए चेहरों को मौका मिला है, क्योंकि 5 प्रमुख खिलाड़ी एशियन गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे हैं। इसकी तारीखें वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली पूरी वनडे सीरीज से टकरा रही हैं। ऐसे में 5 बड़े भारतीय खिलाड़ियों को इस सीरीज के लिए नहीं चुना गया। 1. श्रेयस अय्यर, 2. अक्षर पटेल, 3. वाॅशिंगटन सुंदर, 4. ईशान किशन, 5. जसप्रीत बुमराह
6. Muthoot Fincorp की डील से BCCI को कितनी होगी कमाई? यहां जानें
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय क्रिकेट के अगले दो घरेलू सीजन के लिए Muthoot Fincorp के साथ टाइटल स्पॉन्सरशिप डील पूरी कर ली है। यह साझेदारी 31 मार्च 2028 तक चलेगी। इसके तहत भारत में खेले जाने वाले करीब 35 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले शामिल होंगे। डील की बेस कीमत 4.85 करोड़ रुपये प्रति मैच तय की गई है। नई साझेदारी में 10 टेस्ट, 12 वनडे और 13 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच शामिल हैं। इस डील को ‘Blue Muthoot’ नाम दिया गया है।
अगर 4.85 करोड़ रुपये प्रति मैच की बेस कीमत को करीब 35 मुकाबलों पर लागू किया जाए, तो कुल रकम लगभग 170 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। अलग-अलग रिपोर्टों में इस डील की अनुमानित कीमत 150 से 171 करोड़ रुपये के बीच बताई गई है। अंतिम आंकड़ा BCCI की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट होगा।
7. ‘सारा दोष उन्हीं पर मढ़ दिया जाता है’ – अगले चीफ सेलेक्टर को सुनील गावस्कर का अलर्ट!
पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने ‘मिड-डे’ में अपने कॉलम में लिखा, “बेशक, नेशनल सिलेक्शन कमिटी का चेयरमैन बनने का सम्मान तो है ही, लेकिन इसके साथ ही आलोचना का निशाना बनने का खतरा भी रहता है। अंपायरिंग, विकेटकीपिंग और अब कमेंट्री की तरह ही, इसमें भी किए गए नौ अच्छे कामों को भुला दिया जाएगा और उस एक तथाकथित गलती को सौ गुना बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाएगा और उस पर बार-बार चर्चा की जाएगी।”
8. Asian Games 2026: बारिश ले डूबेगी भारत-अफगानिस्तान का क्वाटर-फाइनल मुकाबला, मैच रद्द होने पर कौन जाएगा सेमीफाइनल?
जापान के निशिन में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में भारत के शुरुआती मैच पर खराब मौसम का खतरा मंडरा रहा है। सोमवार, 28 सितंबर को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले क्वार्टर-फाइनल मैच के पूरी तरह धुल जाने की आशंका है, क्योंकि पूरे इलाके में भारी बारिश का अनुमान है।
अगर लगातार बारिश की वजह से बिना एक भी गेंद फेंके मैच रद्द करना पड़ा, तो टूर्नामेंट के नियम लागू होंगे। एशियाई खेलों के क्रिकेट नियमों के तहत, भारत अपनी बेहतर टूर्नामेंट सीडिंग (जो उनकी ग्लोबल आईसीसी टी20आई रैंकिंग के आधार पर तय होती है) की वजह से अपने-आप सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा।