Asian Games 2026: अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास, क्रिस गेल का बड़ा रिकॉर्ड किया ध्वस्त
अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ धमाकेदार पारी के साथ टी20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया।
अद्यतन - अक्टूबर 3, 2026 3:16 अपराह्न

एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले में, अभिषेक शर्मा ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। भारतीय सलामी बल्लेबाज ने सिर्फ 28 गेंदों में 61 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में 3 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। अभिषेक की आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत को शुरुआती ओवरों में तेजी से रन बनाने में मदद की।
400 छक्के पूरे कर क्रिस गेल को पछाड़ा
अभिषेक शर्मा ने अपनी पारी के दौरान टी20 क्रिकेट में 400 छक्के पूरे करने का बड़ा रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने यह उपलब्धि केवल 3,513 गेंदों में हासिल की। इसके साथ ही उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 3,557 गेंदों में 400 टी20 छक्के पूरे किए थे। इस सूची में अभिषेक से आगे अब सिर्फ आंद्रे रसेल हैं, जिन्होंने 3,027 गेंदों में 400 छक्के पूरे किए थे।
पाकिस्तान के खिलाफ अपनी पारी में 7 छक्के लगाने के साथ अभिषेक ने एक और खास रिकॉर्ड की बराबरी की। वह भारत-पाकिस्तान टी20 मुकाबले की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में युवराज सिंह के बराबर पहुंच गए हैं। युवराज ने 2012 में अहमदाबाद में पाकिस्तान के खिलाफ 7 छक्के लगाए थे।
अभिषेक के नाम अब पाकिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में कुल 14 छक्के हो गए हैं, जो भारतीय बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा हैं। उन्होंने इस मामले में विराट कोहली के 11 छक्कों के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया है।
एक साल में 100 छक्के लगाने का रिकॉर्ड
अभिषेक ने 2026 में टी20 क्रिकेट में 100 छक्के भी पूरे किए। उन्होंने यह आंकड़ा 651 गेंदों में हासिल किया और इस मामले में भी वह आंद्रे रसेल के बाद दूसरे स्थान पर हैं। रसेल ने 2019 में 589 गेंदों में 100 छक्के पूरे किए थे। अभिषेक की इस विस्फोटक पारी ने एशियन गेम्स के फाइनल में भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई और उनके नाम कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हो गए।
ये भी पढ़ें – Asian Games 2026: फाइनल में पाकिस्तान को 19 रनों से हराकर भारत ने जीता गोल्ड