विश्व कप से पहले अब टीम इंडिया में नहीं होगा प्रयोग, शुभमन गिल ने बताया फ्यूचर प्लान
विश्व कप संयोजन पर अब भारत का पूरा फोकस
अद्यतन - अक्टूबर 4, 2026 12:31 अपराह्न

भारतीय कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज खत्म होने के बाद, टीम के अगले प्लान को लेकर बड़ा बयान दिया है। भारत ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम की, लेकिन आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 352 रनों का लक्ष्य हासिल कर भारत को 5 विकेट से हरा दिया।
इस मुकाबले के बाद गिल ने कहा कि अब टीम के पास ज्यादा प्रयोग करने का समय नहीं है और अगले मुकाबलों से विश्व कप के लिए पसंदीदा खिलाड़ियों के साथ खेलना शुरू करना होगा।
गिल ने कहा कि टीम अब अपने मुख्य खिलाड़ियों को एक साथ मैदान पर उतारना चाहती है। उनका मानना है कि विश्व कप में ज्यादा समय नहीं बचा है, इसलिए टीम को जल्द से जल्द अपनी मजबूत संयोजन तय करनी होगी। भारत की कोशिश होगी कि उपलब्ध सभी प्रमुख खिलाड़ी अगली सीरीज से टीम का हिस्सा बनें।
चोटों ने दिया प्रयोग का मौका
वेस्टइंडीज सीरीज के दौरान भारत को कुछ खिलाड़ियों की चोट के कारण बदलाव करने पड़े। प्रसिद्ध कृष्णा के चोटिल होने के बाद अंशुल कंबोज को तीसरे वनडे में मौका मिला। उन्होंने भारत ए के मुकाबले से सीधे आकर अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया। हालांकि, वह 9 ओवर में 82 रन देकर कोई विकेट नहीं ले सके।
इससे पहले आकिब नबी को भी मौका मिला था। उन्होंने तीन ओवर में 35 रन दिए और कुल 84 रन खर्च किए। गिल ने दोनों खिलाड़ियों का बचाव करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तुरंत अच्छा प्रदर्शन करना आसान नहीं होता।
नंबर-8 की भूमिका अहम
गिल के मुताबिक कंबोज और नबी टीम के लिए उपयोगी हो सकते हैं, क्योंकि वे गेंदबाजी के साथ कुछ रन भी बना सकते हैं। विश्व कप में नंबर-8 का स्थान टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण होगा। गिल ने टीम की फील्डिंग को लेकर भी चिंता जताई।
उन्होंने बताया कि सीरीज में भारत ने करीब 7 कैच छोड़े और मैदान पर भी कई अतिरिक्त रन दिए। कप्तान ने माना कि अगर गेंदबाजों को पिच से ज्यादा मदद नहीं मिल रही हो, तो अच्छी फील्डिंग बेहद जरूरी हो जाती है। उन्होंने कहा कि गेंदबाजों का साथ देने के लिए टीम को फील्डिंग में अपने स्तर को काफी ऊपर उठाना होगा।
ये भी पढ़ें – IND vs WI: शे होप की कप्तानी पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने भारत को तीसरे वनडे में 5 विकेट से हराया