“जितना सोचते हैं, उससे ज्यादा समय होता है” – मैच जिताऊ पारी के बाद शे होप को याद आई एमएस धोनी की सीख
मैच के बाद, होप ने बताया कि उनकी मैच जिताऊ पारी का ब्लूप्रिंट भारत के महान पूर्व कप्तान एमएस धोनी से प्रेरित थी।
अद्यतन - अक्टूबर 4, 2026 12:34 अपराह्न

वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप ने न्यू चंडीगढ़ के पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में संयमित बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश किया और अपनी टीम को रोमांचक पांच विकेट से जीत दिलाई।
352 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए, होप 143 गेंदों पर 162 रन बनाकर नाबाद रहे और वेस्टइंडीज की वनडे क्रिकेट में सबसे बेहतरीन रन चेज में से एक की अगुवाई की। मैच के बाद, होप ने बताया कि उनकी मैच जिताऊ पारी का ब्लूप्रिंट भारत के महान पूर्व कप्तान एमएस धोनी से प्रेरित थी।
मैच के बाद हुई बातचीत में होप ने कहा, “एक बार मेरी महान खिलाड़ी एमएस धोनी से बहुत अच्छी बातचीत हुई थी। उन्होंने मुझे बताया था कि आपके पास हमेशा उससे कहीं ज्यादा समय होता है जितना आप सोचते हैं, इसलिए, आखिरी नतीजे पर बहुत ज्यादा ध्यान न दें। बस प्रोसेस पर ध्यान दें, खेल को जितना हो सके छोटे-छोटे हिस्सों में बांटने की कोशिश करें और मैच के आखिर में बाउंड्री लगाने के तरीके ढूंढें।”
होप ने कहा, “मैंने उन ओवर्स के बारे में भी सोचा था जिनमें भारतीय टीम पीछे चल रही थी। इसलिए मुझे पता था कि उन्हें एक फील्डर को अंदर लाना होगा। जब आप किसी स्कोर का बचाव कर रहे हों और आपको पांच फील्डर्स को रिंग के अंदर रखना पड़े, तो यह हमेशा मुश्किल होता है।”
वेस्टइंडीज के कोच डैरेन सैमी ने होप के टेम्परामेंट की तारीफ की
सैमी ने कहा, “शे होप ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपने प्रदर्शन से टीम की अगुवाई करने में यकीन रखते हैं। उनका अंदाज हमेशा से ऐसा ही रहा है। मैं यह नहीं कहूंगा कि वह सैमी जैसे हैं, हर कोई अलग होता है। वह ज्यादा बातें नहीं करते। लेकिन जब वह बोलते हैं, तो अपनी और टीम से उम्मीदों को लेकर बिल्कुल साफ होते हैं। और जैसा कि मैंने कहा, वह अपने प्रदर्शन से टीम को आगे ले जाते हैं। और वह इसी बात में यकीन रखते हैं।”
यह भी पढ़ें – विश्व कप से पहले अब टीम इंडिया में नहीं होगा प्रयोग, शुभमन गिल ने बताया फ्यूचर प्लान