आखिर क्यों प्लेइंग इलेवन से बाहर हो जाते हैं वैभव सूर्यवंशी? हेड कोच गौतम गंभीर ने कर दिया बड़ा खुलासा
गंभीर ने बताया क्यों वैभव को करना पड़ रहा है इंतजार
अद्यतन - अक्टूबर 5, 2026 4:49 अपराह्न

भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार शुरुआत की है। जुलाई 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले वैभव अब तक छह टी20 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 193 रन बनाए हैं। उनका औसत 32.16 का रहा है।
आईपीएल 2026 में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए 776 रन बनाकर टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का दर्जा हासिल किया। उन्हें इस सीजन में आईपीएल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार भी मिला।
हालांकि, अफगानिस्तान के खिलाफ हालिया टी20 सीरीज में उन्हें भारत की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। इस पर मुख्य कोच गौतम गंभीर ने चयन को लेकर अपनी बात रखी।
गंभीर ने बताया कि वैभव भले ही शानदार फॉर्म में हों, लेकिन टीम में पहले से अच्छा प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों की मौजूदगी के कारण उन्हें अपने मौके का इंतजार करना पड़ सकता है। अफगानिस्तान के खिलाफ तीनों मैचों में संजू सैमसन को मौका मिला और उन्होंने सीरीज में दो अर्धशतक भी लगाए।
गंभीर के मुताबिक टीम का चयन सोशल मीडिया या बाहरी दबाव के आधार पर नहीं किया जाता। कप्तान और कोच यह देखते हैं कि उस समय टीम को जीत दिलाने के लिए सबसे बेहतर संयोजन क्या हो सकता है?
संजू और अभिषेक पर भरोसा बरकरार
गंभीर ने संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कुछ खराब मैचों के आधार पर उन खिलाड़ियों को टीम से बाहर करना सही नहीं होगा, जिन्होंने लंबे समय तक अच्छा प्रदर्शन किया है।
उनका मानना है कि अगर वैभव को तुरंत मौका दिया जाता है तो संजू या अभिषेक में से किसी एक को बाहर करना पड़ेगा। इससे टीम के संयोजन और खिलाड़ियों के आत्मविश्वास पर असर पड़ सकता है।
लोकप्रियता नहीं, सही फैसला जरूरी: गौतम गंभीर
गंभीर ने साफ किया कि चयन का फैसला लोकप्रियता देखकर नहीं, बल्कि टीम के हित को ध्यान में रखकर होना चाहिए। उनके अनुसार एक-दो खराब सीरीज किसी खिलाड़ी को खराब नहीं बनाती। टीम को खिलाड़ियों पर भरोसा और निरंतरता बनाए रखना जरूरी है। इसी वजह से वैभव जैसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी को फिलहाल इंतजार करना पड़ रहा है। गंभीर का मानना है कि सही समय आने पर उन्हें टीम में पर्याप्त मौके जरूर मिलेंगे।
ये भी पढ़ें – Ranji Trophy 2026–27: पृथ्वी शॉ को सौंपी गई महाराष्ट्र की कप्तानी, गायकवाड़ की अनुपस्थिति में मिली बड़ी जिम्मेदारी