स्मृति मंधाना की कप्तानी में हरमनप्रीत कौर निभाएंगी अहम भूमिका, BCCI अध्यक्ष ने दिया बड़ा बयान

स्मृति मंधाना की कप्तानी में हरमनप्रीत कौर निभाएंगी अहम भूमिका, BCCI अध्यक्ष ने दिया बड़ा बयान

BCCI अध्यक्ष ने महिला टीम में कप्तानी के बदलाव पर अपनी राय रखी

Harmanpreet Kaur (Image credit Twitter - X)
Harmanpreet Kaur (Image credit Twitter – X)

भारतीय महिला क्रिकेट टीम में अब एक नया दौर शुरू होने जा रहा है। अनुभवी खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर के कप्तानी छोड़ने के बाद, स्मृति मंधाना को टीम की कमान सौंपी गई है। हालांकि, हरमनप्रीत अभी भी टीम का हिस्सा हैं और उनका अनुभव नई कप्तान के लिए काफी मददगार साबित हो सकता है।

इस बीच, बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने इस बदलाव को लेकर अपनी राय रखी है। उनका मानना है कि जब किसी नए खिलाड़ी को कप्तानी की जिम्मेदारी मिलती है, तो टीम में अनुभवी खिलाड़ियों का होना बेहद जरूरी होता है।

धोनी और कोहली का दिया उदाहरण

स्पोर्टस्टार से बातचीत के दौरान मिथुन मन्हास ने कहा कि कप्तानी करना आसान नहीं होता, चाहे खिलाड़ी कितना भी अनुभवी क्यों न हो। ऐसे में पुराने कप्तान का साथ मिलना काफी फायदेमंद रहता है।

उन्होंने बताया कि जब एमएस धोनी भारतीय टीम के कप्तान बने थे, तब सौरव गांगुली जैसे अनुभवी खिलाड़ी उनके साथ मौजूद थे। इसके बाद धोनी ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को कप्तानी के दौरान अपना अनुभव साझा करके मदद की। मन्हास के मुताबिक, अब विराट कोहली और रोहित शर्मा भी शुभमन गिल को कप्तानी की जिम्मेदारी समझने में मदद कर रहे हैं।

स्मृति मंधाना के लिए अहम होंगी हरमनप्रीत कौर

मिथुन मन्हास का मानना है कि हरमनप्रीत कौर का अनुभव स्मृति मंधाना के लिए काफी उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि मैदान पर कई बार ऐसी परिस्थितियां आती हैं, जब कप्तान के लिए फैसला लेना मुश्किल हो जाता है। ऐसे समय में हरमनप्रीत जैसी अनुभवी खिलाड़ी स्मृति को सही फैसला लेने में मदद कर सकती हैं।

बता दें कि स्मृति मंधाना बतौर कप्तान अपनी पहली सीरीज जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेलेंगी। वहीं, हरमनप्रीत कौर भी टीम का हिस्सा बनी रहेंगी। बीसीसीआई को उम्मीद है कि दोनों खिलाड़ियों का तालमेल भारतीय महिला टीम को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।

ये भी पढ़ें – कितने करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं ग्लेन मैक्सवेल? जानें उनकी कमाई का पूरा लेखा-जोखा 

close whatsapp