17 अक्टूबर, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं
अद्यतन - अक्टूबर 17, 2026 4:52 अपराह्न

1. IND VS WI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच निर्णायक टी20 मैच आज
भारत और वेस्टइंडीज के बीच जारी पांच मैचों की टी20आई सीरीज का आखिरी व निर्णायक मुकबला 17 अक्टूबर, शनिवार को बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। चार मैचों बाद फिलहाल सीरीज 2-2 की बराबरी पर है। आखिरी मुकाबले में जीत हासिल करने वाली टीम, पांच मैचों की टी20 सीरीज को 3-2 से अपने नाम कर लेगी।
2. बड़ी खबर! न्यूजीलैंड दौरे से पहले पंजाब के लिए एक रणजी मैच खेलेंगे शुभमन गिल
रणजी ट्राॅफी 2026-27 के जारी सीजन का पहला राउंड 11 अक्टूबर से शुरू हो चुका है। तो वहीं, अब खबर आ रही है कि भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट व वनडे कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) पंजाब के लिए एक रणजी मैच खेलते हुए नजर आएंगे। ताजा मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फाजिल्का के 27 वर्षीय दाएं हाथ के बल्लेबाज, 23 या 24 अक्टूबर को न्यूजीलैंड रवाना होने से पहले, पंजाब की ओर से छत्तीसगढ़ के खिलाफ अपना दूसरा एलीट ग्रुप ए मैच खेलेंगे। यह मैच न्यू चंडीगढ़ के PCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, ग्राउंड A में खेला जाएगा।
3. IND vs WI 2026, 5th T20I: भारत बनाम वेस्टइंडीज पांचवें टी20 मैच से पहले जानें हेड टू हेड रिकाॅर्ड
IND vs WI हेड टू हेड रिकाॅर्ड (टी20आई क्रिकेट)
| मैच खेले | 36 |
| भारत ने जीते | 22 |
| वेस्टइंडीज ने जीते | 13 |
| नो रिजल्ट/टाई | 01/00 |
| सबसे पहले मैच | 12 जून, 2009 (वेस्टइंडीज ने जीता) |
| हालिया मैच | 14 अक्टूबर, 2026 (वेस्टइंडीज ने जीता) |
4. IND vs WI 2026, 5th T20I:भारत बनाम वेस्टइंडीज पांचवें टी20 मैच से पहले जानें पिच रिपोर्ट के बारे में
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु: पिच रिपोर्ट
बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी के लिए बहुत अनुकूल है। यहां गेंद का बाउंस शानदार है और बाउंड्री काफी छोटी हैं, जिससे इस सीरीज डिसाइडर मुकाबले में बड़ा स्कोर बनने की पूरी संभावना है। यहां स्पिनरों के मुकाबले तेज गेंदबाजों को आमतौर पर ज्यादा मदद मिलती है। दूसरी पारी में ओस (ड्यू) गिरने के काफी आसार हैं, इसलिए टॉस जीतने वाला कप्तान निश्चित रूप से पहले गेंदबाजी करना और बाद में लक्ष्य का पीछा करना पसंद करेगा।
5. IPL 2027: बड़ी खबर! महेला जयवर्धने ने मुंबई इंडियंस में हेड कोच के पद से दिया इस्तीफा
आईपीएल के आगामी सीजन के शुरू होने से पहले पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। बता दें आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। एमआई ने एक आधिकारिक बयान में इसकी पुष्टि की। गौरतलब है कि महेला साल 2017 में पहली बार टीम के हेड कोच बने थे और साल 2022 में एमआई में क्रिकेट प्रदर्शन का ग्लोबल हेड बनाए जाने से पहले वह इस भूमिका में बने रहे। जयवर्धने की कोचिंग में मुंबई इंडियंस तीन (2017, 2019, 2020) बार आईपीएल चैंपियन बनी।
6. IPL 2027: दिल्ली कैपिटल्स ने पूर्व श्रीलंकाई गेंदबाज चामिंडा वास को फास्ट बाॅलिंग कोच नियुक्त किया
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन से पहले दिल्ली कैपिटल्स टीम अपने सपोर्ट स्टाफ में एक के बाद एक बदलाव कर रही है। बता दें अब डीसी मैनेजमेंट ने श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चामिंडा वास को अपना नया फास्ट बाॅलिंग कोच नियुक्त किया है। गौरतलब है कि इससे पहले डीसी खेमे से सौरव गांगुली हेड कोच, युवराज सिंह बल्लेबाजी कोच और अमित मिश्रा स्पिन बाॅलिंग कोच के तौर पर आईपीएल 2027 के लिए जुड़ चुके हैं। लेकिन, वास की नियुक्ति तेज गेंदबाजी कोच के तौर पर हुई है, जिसके बाद दिल्ली का सपोर्ट स्टाफ एकदम मजबूत व दुरुस्त नजर आ रहा है।
7. IND vs WI: भुवनेश्वर कुमार के पास बेंगलुरु में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाने का मौका
भारत और वेस्टइंडीज के बीच जारी टी20 सीरीज का आखिरी मैच 17 अक्टूबर को बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। तो वहीं, चिन्नास्वामी स्टेडियम अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल के नाम दर्ज है। वह इस मैदान पर 2017 से 2022 के बीच तीन मैचों में 6 विकेट ले चुके हैं। जबकि भुवनेश्वर कुमार ने यहां सिर्फ दो ही मैच खेले हैं और वह इन दो विकेट के साथ एम चिन्नास्वामी में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में चौथे पायदान पर हैं। चार विकेट लेते ही वह 7 विकेट के साथ इस लिस्ट में टॉप पर पहुंच जाएंगे। वहीं, अगर वह दो विकेट ले पाते हैं, तो बांग्लादेश के गेंदबाज शाकिब अल हसन और मुस्तफिजुर रहमान को पीछे छोड़ते हुए दूसरे पायदान पर पहुंच जाएंगे।
8. भारतीय क्रिकेट टीम का भविष्य संवारने आएंगे वसीम जाफर? चयन समिति में एंट्री के मिले बड़े संकेत
पूर्व भारतीय व दिग्गज घरेलू खिलाड़ी वसीम जाफर की एंट्री से सीनियर पुरुष चयन समिति में खाली पद के लिए चल रही रेस में नया मोड़ आ गया है। बता दें भारत की सीनियर पुरुष चयन समिति में खाली पद के लिए जारी चयन प्रक्रिया दिलचस्प होती जा रही है, क्योंकि पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने भी इस पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है। कई रिपोर्ट्स के अनुसार, बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने जिन उम्मीदवारों का वर्चुअल इंटरव्यू लिया है, उनमें वसीम जाफर भी शामिल है।