‘टीम में हर खिलाड़ी मैच विनर’ न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे T20 में मिली रोमांचक जीत के बाद गदगद हुए कप्तान अय्यर
भारत ने क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे टी20 में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया
अद्यतन - अक्टूबर 24, 2026 7:18 अपराह्न

क्राइस्टचर्च के हेग्ली ओवल, मैदान पर खेले गए दूसरे टी20 में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को रोमांचक अंदाज में 4 विकेट से हराया। टाॅस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने भारत के सामने जीत के लिए 181 रनों का लक्ष्य रखा।
मुकाबले में रनों का पीछा करते हुए एक समय लग रहा था कि टीम इंडिया मैच गंवा देगी। एक समय भारत को जीत के लिए 18 गेंदों में 46 रनों की जरूरत थी। लेकिन दबाव में मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज तिलक वर्मा ने 26 गेंदों में 6 चौके व 1 छक्कों की मदद से 51* रनों की मैच विनिंग पारी खेली। साथ ही तिलक को नमन धीर (31 रन, 17 गेंद) और नीतीश कुमार रेड्डी (26* रन, 13 गेंद) से भी अच्छा साथ मिला।
तो वहीं, इस जीत के बाद मैन इन ब्लू ने मेजबान कीवियों के खिलाफ पांच मैचों की टी20आई सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। इस जीत के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर काफी खुश नजर आए और कहा कि हमारी टीम में शामिल हर एक खिलाड़ी मैच विनर है।
भारत की जीत से गदगद हुए कप्तान अय्यर
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा टी20 मैच समाप्त होने के बाद, पोस्ट मैच के दौरान जब भारत द्वारा दबाव में प्रदर्शन करने के बारे में सवाल पूछा गया तो श्रेयस अय्यर ने कहा ‘हां, बिल्कुल। मुझे लगता है कि हमारी टीम में शामिल हर खिलाड़ी मैच जिताने की क्षमता रखता है, और आज हमने इसका उदाहरण भी देखा। सच कहूं तो, जब हमारे विकेट गिरे – खासकर लगातार विकेट – तो हमें लगा कि मैच हमारे हाथ से निकल रहा है। लेकिन तिलक और रेड्डी ने बहुत जज्बा दिखाया, और नमन धीर ने भी शानदार छोटी पारी खेली।’
श्रेयस ने आगे नमन धीर को लेकर कहा ‘हमने उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ कुछ मैचों में खेलते देखा था। वह एक बेहतरीन गेंदबाज भी हैं। जब आपके पास बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों का विकल्प हो, तो इससे टीम में काफी मजबूती आती है। मैदान पर उनके खेल को देखकर लगता है कि वह एक संपूर्ण खिलाड़ी हैं।’
ये भी पढ़ें – SA vs AUS 2026: साउथ अफ्रीका ने तीसरे टेस्ट के लिए किया टीम का ऐलान, चोट के चलते एनरिक नॉर्खिया बाहर