2028 से 12 टीमों का हो सकता है IPL, पुणे और वडोदरा के नाम पर चल रही चर्चा
नई टीमों के लिए बड़े भारतीय कारोबारी समूहों और विदेशी निवेशकों ने दिलचस्पी दिखाई है।
अद्यतन - नवम्बर 10, 2026 3:50 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का रोमांच आने वाले समय में और बढ़ सकता है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) 2028 सीजन से टूर्नामेंट में दो नई टीमों को शामिल करने पर विचार कर रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन टीमों के लिए पुणे और वडोदरा शहर सबसे आगे हैं। हालांकि, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है।
माना जा रहा है कि आईपीएल का विस्तार 2028 से 2032 तक चलने वाले नए मीडिया राइट्स साइकल के साथ हो सकता है। मिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रत्येक नई फ्रेंचाइजी की कीमत 1 अरब डॉलर से ज्यादा हो सकती है। कई बड़े भारतीय कारोबारी समूहों और विदेशी निवेशकों ने भी इन टीमों में दिलचस्पी दिखाई है।
पुणे और वडोदरा क्यों हैं रेस में आगे?
वडोदरा गुजरात का प्रमुख शहर है और अहमदाबाद से करीब 110 किलोमीटर दूर है। अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस अपने घरेलू मुकाबले खेलती है। वहीं, गुजरात में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने की योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।
दूसरी तरफ, पुणे का आईपीएल से पुराना रिश्ता रहा है। यहां पहले पुणे वॉरियर्स इंडिया और राइजिंग पुणे सुपरजायंट जैसी टीमें खेल चुकी हैं। पुणे वॉरियर्स ने 2011 से 2013 तक आईपीएल में हिस्सा लिया था। वहीं, राइजिंग पुणे सुपरजायंट 2017 में फाइनल तक पहुंची थी, जहां उसे मुंबई इंडियंस के खिलाफ सिर्फ एक रन से हार मिली थी।
आईपीएल में पिछली बार 2022 में दो नई टीमों को शामिल किया गया था। उस समय लखनऊ सुपर जायंट्स को आरपीएसजी ग्रुप ने 940 मिलियन डॉलर में खरीदा था, जबकि गुजरात टाइटंस की फ्रेंचाइजी 750 मिलियन डॉलर में सीवीसी कैपिटल पार्टनर्स ने हासिल की थी। आईपीएल के मीडिया राइट्स भी 2023 से 2027 तक के लिए 6.2 अरब डॉलर में बिके थे।
हालांकि, नई टीमों को शामिल करने से पहले बीसीसीआई को खिलाड़ियों की उपलब्धता, प्रसारण कंपनियों की दिलचस्पी और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रम को ध्यान में रखना होगा। अगर यह योजना सफल होती है, तो आईपीएल 2028 में कुल 12 टीमें खेलती नजर आ सकती हैं।