U19 Asia Cup 2026: दूसरे सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को 8 विकेट से रौंदकर भारत ने फाइनल में बनाई जगह
फाइनल में भारत का सामना 14 नवंबर को पाकिस्तान से होगा
अद्यतन - नवम्बर 12, 2026 5:51 अपराह्न

जारी एसीसी मैन्स अंडर 19 एशिया कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मैच 12 नवंबर, गुरूवार को भारत और अफगानिस्तान की अंडर 19 टीमों के बीच अल अमीरात में खेला गया। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट से जीत हासिल की और फाइनल में जगह बनाई। अब भारत का फाइनल में सामना 14 नवंबर को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान अंडर 19 टीम ने 228 रनों का लक्ष्य भारत के सामने जीत के लिए रखा। जबाव में भारत ने इस टारगेट को लक्ष्य राजेश रायचंदनी (93 रन, 90 गेंद) की कप्तानी पारी के चलते 2 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।
भारत U19 बनाम अफगानिस्तान U19, दूसरे सेमीफाइनल मैच का हाल
मैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं तो अफगानिस्तान ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पूरी टीम भारत की कमाल की गेंदबाजी के सामने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर महज 227 रन ही बना पाई।
अफगानिस्तान के लिए विकेटकीपर नौमान सलारजई और शाह फैसल रहीमी ने 51-51 रनों की पारी खेली, तो कप्तान सोहेल खान 36* रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा और कोई खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
दूसरी ओर, भारतीय अंडर 19 टीम की ओर से शानदार गेंदबाजी देखने को मिली। ईशान सूद ने 9 ओवर में 43 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा आर्यन सवसनी को 2 और काव्य पटेल, यशबर्धन चौहान व अर्जुन राजपूत को 1-1 विकेट मिला।
इसके बाद, भारतीय टीम ने अफगानिस्तान से मिले 228 रनों के मामूली लक्ष्य को शानदार बल्लेबाजी के दम पर, 36.5 ओवर में 2 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। पहले विकेट के लिए कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदनी (93 रन) और आर्यवीर सहवाग (51 रन) के बीच 117 रनों की मजबूत साझेदारी हुई। अंत में वीके विनीत 57* और यशबर्धन चौहान 16* रन बनाकर नाबाद रहे, जिससे भारत की एक आसान जीत सुनिश्चित हुई।
ये भी पढ़ें – 12 नवंबर, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से