IPL 2027 से पहले KKR में हो सकता है बड़ा बदलाव, रिंकू सिंह को मिल सकती है अहम जिम्मेदारी
KKR लगातार दो सीजन प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही है
अद्यतन - नवम्बर 15, 2026 3:24 अपराह्न

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को IPL 2027 से पहले नए कप्तान की जरूरत है। टीम के पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे के क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने के बाद, यह जिम्मेदारी किसे मिलेगी, इस पर चर्चा शुरू हो गई है। इसी बीच पूर्व भारतीय बल्लेबाज अभिनव मुकुंद ने रिंकू सिंह को टीम का अगला कप्तान बनाने की सलाह दी है।
स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान मुकुंद ने कहा कि वह बिना किसी संदेह के रिंकू सिंह को कप्तान बनाना पसंद करेंगे। उनके मुताबिक, रिंकू लंबे समय से KKR का हिस्सा हैं और उन्हें टीम के माहौल की अच्छी समझ है। इसके अलावा वह एक भारतीय खिलाड़ी को कप्तान बनाने के पक्ष में भी हैं।
गौरतलब है कि रिंकू सिंह साल 2018 से KKR के साथ जुड़े हुए हैं। IPL 2026 से पहले उन्हें टीम का उपकप्तान भी बनाया गया था। उनके पास घरेलू क्रिकेट में कप्तानी करने का अनुभव भी है। उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में उत्तर प्रदेश की कप्तानी की है।
इसके अलावा उनकी अगुवाई में मेरठ मेवरिक्स ने 2026 में यूपी टी20 लीग का खिताब भी जीता था। मुकुंद का मानना है कि रिंकू को कप्तान बनाने से टीम में अच्छा माहौल तैयार हो सकता है और उन्हें भारतीय टीम में वापसी करने का भी मौका मिल सकता है।
इन तीन खिलाड़ियों को रिलीज करने की सलाह
अभिनव मुकुंद ने KKR के खिलाड़ियों को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कैमरन ग्रीन, मथीशा पथिराना और रचिन रविंद्र को रिलीज करने की सलाह दी। उनका मानना है कि ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये में खरीदना सही फैसला नहीं होगा। वहीं, 18 करोड़ रुपये में खरीदे गए पथिराना पिछले सीजन चोट के कारण सिर्फ 8 गेंद ही फेंक सके थे।
रचिन रविंद्र को भी एक भी मुकाबले में खेलने का मौका नहीं मिला। मुकुंद के अनुसार, इन खिलाड़ियों को रिलीज करके KKR 40 करोड़ रुपये से ज्यादा का पर्स तैयार कर सकती है।
KKR का पिछला प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। टीम IPL 2026 में 14 मुकाबलों में 6 जीत के साथ सातवें स्थान पर रही थी। लगातार दो सीजन प्लेऑफ से बाहर रहने के बाद, अब फ्रेंचाइजी अगले सीजन में मजबूत वापसी करना चाहेगी।
ये भी पढ़ें – न्यूजीलैंड के खिलाफ 5वें वनडे में फ्लॉप होने के बाद, विराट कोहली के नाम जुड़ा एक और अनचाहा रिकॉर्ड