सचिन तेंदुलकर ने पूरे किए इंटरनेशनल क्रिकेट डेब्यू के 37 साल, शेयर की खास तस्वीर
सचिन द्वारा शेयर की गई फोटो पर फैंस जमकर रिएक्शन देते हुए नजर आए
अद्यतन - नवम्बर 15, 2026 5:36 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू को 37 साल पूरे हो गए हैं। उन्होंने 15 नवंबर 1989 को पाकिस्तान के खिलाफ कराची में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। उस समय सचिन की उम्र सिर्फ 16 साल और 205 दिन थी। आज 53 साल की उम्र में भी क्रिकेट के प्रति उनका प्यार पहले जैसा ही है।
इस खास मौके पर सचिन ने सोशल मीडिया पर एक पुरानी याद अपने फैंस के साथ साझा की। उन्होंने अपने बचपन के पहले क्रिकेट बैट के साथ एक तस्वीर पोस्ट की। खास बात यह है कि उनका यह पहला बल्ला पिछले 49 सालों से उनके पास सुरक्षित है।
सचिन ने तस्वीर के साथ हिंदी में लिखा, ‘पहले बैट की बात है, 49 साल बाद भी मेरे साथ है!’ उनकी इस पोस्ट ने फैंस को उनके क्रिकेट सफर के शुरुआती दिनों की याद दिला दी।
देखें सचिन की यह पोस्ट
Pehle bat ki baat hai, 49 saal baad bhi mere saath hai!❤️ https://t.co/kuRzxTfOoF
— Sachin Tendulkar (@sachin_rt) November 15, 2026
टेस्ट और वनडे में बनाए कई बड़े रिकॉर्ड
सचिन तेंदुलकर का अंतरराष्ट्रीय करियर शानदार रिकॉर्ड्स से भरा रहा है। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 200 मुकाबले खेले और 15,921 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 51 शतक निकले।
वहीं, वनडे क्रिकेट में उन्होंने 463 मैचों में 18,426 रन बनाए। इस फॉर्मेट में उनके नाम 49 शतक और 96 अर्धशतक दर्ज हैं। सचिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने मार्च 2012 में यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की थी।
सचिन ने वनडे विश्व कप के 45 मुकाबलों में 2,278 रन बनाए। इसमें उनके छह शतक और 15 अर्धशतक शामिल हैं। वह विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
इसके अलावा सचिन तेंदुलकर 2011 में भारत की विश्व कप विजेता टीम का भी हिस्सा थे। उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 34,357 रन हैं, जो आज भी एक विश्व रिकॉर्ड है। उनका सफर आज भी करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के लिए प्रेरणा बना हुआ है।
ये भी पढ़ें – IPL 2027 से पहले KKR में हो सकता है बड़ा बदलाव, रिंकू सिंह को मिल सकती है अहम जिम्मेदारी