IPL 2027: सीजन शुरू होने से पहले SRH के लिए बुरी खबर, पूरा सीजन मिस करेंगे ट्रैविस हेड
अगर ऐसा हुआ तो आगामी ऑक्शन में हैदराबाद को अभिषेक शर्मा का नया जोड़ीदार खोजना होगा
अद्यतन - नवम्बर 17, 2026 1:12 अपराह्न

आईपीएल 2027 के आगामी सीजन से पहले एक बार की चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। बता दें टीम के विस्फोटक ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड, आईपीएल के 20वें सीजन के दौरान एसआरएच में अपनी सेवाएं नहीं दे पाएंगे।
हाल में ही हेड ने अपने वर्कलोड को मैनेज करने के लिए यह फैसला लिया है और सनराइजर्स हैदराबाद टीम मैनेजमेंट को अपने इस फैसले के बारे में आधिकारिक तौर पर जानकारी दे दी है। हेड के इस फैसले के बाद, सनराइजर्स हैदराबाद को 16 दिसंबर को गोवा में होने वाले ऑक्शन में हेड का रिप्लेसमेंट और अभिषेक शर्मा का नया जोड़ीदार खोजना होगा।
गौरतलब है कि ट्रेविस हेड को आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने 14 करोड़ रुपए की बड़ी कीमत में खरीदा था। वह उस सीजन सबसे महंगे बिकने वाले विदेशी खिलाड़ियों में शामिल थे। तो वहीं, हेड के टीम से जाने के बाद, मिनी ऑक्शन के लिए SRH के पास 14 करोड़ रुपए की अतिरिक्त पर्स वैल्यू आएगी, लेकिन हेड की आक्रामक बल्लेबाजी शैली को टीम में शायद ही और कोई खिलाड़ी मैच कर पाए।
हैवी वर्कलोड के चलते लिया फैसला
क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने अगस्त 2026 में ही संकेत दे दिया था कि खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर राष्ट्रीय टीम को कुछ कड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं, क्योंकि आगे ऑस्ट्रेलिया के लिए “काफी महत्वपूर्ण क्रिकेट” होने वाला है। उन्होंने कहा था कि उस दौरान प्रबंधन को “कुछ फैसले लेने होंगे”, और IPL 2027 से हेड का नाम वापस लेना इसी रणनीति को दर्शाता है।
2027 में ऑस्ट्रेलिया का अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम काफी व्यस्त है, जिसमें 20 टेस्ट मैच शामिल हैं। इनमें जून में होने वाला संभावित वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल, जून से अगस्त तक चलने वाली एशेज सीरीज, और अक्टूबर-नवंबर में होने वाला वनडे वर्ल्ड कप शामिल हैं।
आगे इतने सारे क्रिकेट मैचों को देखते हुए, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और हेड ने राष्ट्रीय टीम के लिए उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के मामले में आपसी सहमति बना ली है। शायद यह एक वजह रही जिस वजह से हेड ने आईपीएल 2027 के लिए खुद को उपलब्ध नहीं कराया है।
ये भी पढ़ें – दूसरी शादी को लेकर शिखर धवन ने दिया बड़ा बयान, बोले ‘सोफी मेरी लाइफ में प्यार और बैलेंस लाईं’