'सोया हुआ व्यक्ति जाग सकता है, लेकिन....'- पूर्व क्रिकेटर सलमान बट ने पाक सेलेक्टर्स को लताड़ा - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘सोया हुआ व्यक्ति जाग सकता है, लेकिन….’- पूर्व क्रिकेटर सलमान बट ने पाक सेलेक्टर्स को लताड़ा

आपने हारिस को चुना, उन्होंने नेशनल टी-20 में 5 से 6 मुकाबले खेले हैं और 15 का स्कोर भी नहीं बनाया है। उन्होंने एक ही मैच में 3 कैच छोड़े: सलमान बट

Salman Butt
Salman Butt. (Photo Source: ARIF ALI/AFP via Getty Images)

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट ने आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की टीम के चयन को लेकर चयनकर्ताओं को जमकर फटकार लगाई है। बता दें, पिछले कुछ समय से पाकिस्तान टीम के मध्यक्रम को लेकर काफी सवाल उठाए जा रहे हैं। सलामी बल्लेबाज कप्तान बाबर आजम और विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान के अलावा टीम के मध्यक्रम ने पिछले कुछ समय से काफी अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है।

इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह और आसिफ अली सभी ने काफी निराशाजनक प्रदर्शन किया है। इसका परिणाम यह निकला कि टीम ना तो एशिया कप 2022 को अपने नाम कर पाई और ना ही अपने ही घर में खेली गई इंग्लैंड के खिलाफ सात मुकाबलों की टी-20 सीरीज को जीत पाई।

टीम के लिए सबसे अच्छी बात यह रही कि उन्होंने न्यूजीलैंड को फाइनल में मात देकर त्रिकोणीय सीरीज अपने नाम कर ली है। हालांकि टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के चयन और रिजर्व खिलाड़ियों को लेकर सलमान बट खुश नहीं दिखे और उन्होंने एक पत्रकार को बेहतरीन जवाब दिया।

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के पाकिस्तान टीम के रिजर्व खिलाड़ियों से खुश नहीं है सलमान बट

क्रिकब्रिज के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान सलमान बट ने कहा कि, ‘आपका दूसरा विकेटकीपर मोहम्मद हारिस है जो रिजर्व के तौर पर जा रहा है। फखर ज़मान को भी रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल किया गया है लेकिन वो भी अपने बेहतरीन फॉर्म में नहीं है।

दहानी भी रिज़र्व खिलाड़ियों में शामिल है। आपने हारिस को चुना, उन्होंने नेशनल टी-20 में 5 से 6 मुकाबले खेले हैं और 15 का स्कोर भी नहीं बनाया है। उन्होंने एक ही मैच में 3 कैच छोड़े।’ पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए सलमान बट ने कहा कि, ‘एक सोता हुआ आदमी तो जग सकता है लेकिन यह (चयनकर्ता) तो बेहोश है।’

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए ये रही पाकिस्तान टीम:

बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उपकप्तान), आसिफ अली, हैदर अली, हारिस रऊफ, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, मोहम्मद हसनैन, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद वसीम, नसीम शाह, शाहीन शाह अफरीदी, शान मसूद, उस्मान कादिर।

रिजर्व खिलाड़ी:

फखर जमान, मोहम्मद हारिस, शाहनवाज दहानी

close whatsapp