जो मैच LSG को जीतना चाहिए उसमें वो हार रहे हैं और जिसमें उनको….:पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने दिया हैरान कर देने वाला बयान
अपने पिछले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
अद्यतन - अप्रैल 28, 2023 1:46 अपराह्न

आज यानी 28 अप्रैल को इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के 38वें मुकाबले में पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में आपस में भिड़ेंगे। इस बेहतरीन मैच से पहले भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने लखनऊ सुपर जायंट्स को अपने खेल को थोड़ी और आक्रामकता से खेलने की नसीहत दी है।
अपने पिछले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। वो इस मैच को आसानी से अपने नाम कर सकते थे लेकिन गुजरात टाइटंस ने उन्हें उन्हीं के घर में मात दी।
इस मैच का प्रीव्यू करते हुए आकाश चोपड़ा ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल में एक वीडियो साझा की जिसमें उन्होंने कहा कि, ‘लखनऊ यही कहेंगे कि उनकी टीम काफी अच्छी है और यह बात सही भी है। लेकिन आप वो मुकाबले हार रहे हैं जो आपको हारना नहीं चाहिए। हां यह बात भी सही है कि आपने उन मुकाबलों में जीत दर्ज की है जिसमें आप हार रहे थे। यही आपकी कहानी रही है लेकिन क्या आप थोड़ा और अच्छी सोच के साथ खेल सकते हैं।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘क्या टीम में कोई बदलाव देखने को मिल सकता है? मुझे लगता है कि नवीन-उल-हक की जगह मार्क वुड आ सकते हैं क्योंकि यह मैदान उनके तरीके का ही है। वुड ऐसे मैदान पर खेलेंगे और उनसे कहा जाएगा कि जितनी तेज गेंदबाजी कर सकते हैं उतनी तेज करें। और यह आज देखने को मिल सकता है।’
LSG की स्पिन गेंदबाजी को लेकर भी आकाश चोपड़ा ने रखा अपना पक्ष
पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने आगे कहा कि, ‘युद्धवीर सिंह चरक जिन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ ही अपना डेब्यू किया था और 2 विकेट झटके थे उनको आवेश खान के साथ देखा जा सकता है। उसके बाद टीम के पास स्पिन में काफी ऑप्शन है। दीपक हुड्डा ने रन नहीं बनाए हैं और यह टीम के लिए चिंता का विषय होगा। अब उन्हें भी बड़ा स्कोर बनाना होगा।’
LSG ने इस सीजन में अभी तक सात मैच खेले हैं जिसमें से 4 में उन्होंने जीत दर्ज की है जबकि तीन में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। पंजाब किंग्स ने भी इतने ही मुकाबलों में 4 में जीत दर्ज की है और तीन में उन्हें भी हार का सामना करना पड़ा है।