‘आप सलामी बल्लेबाजों के साथ क्यों ऐसा कर रहे हैं’- ओपनिंग में हो रहे बदलाव को देखकर भड़के आकाश चोपड़ा
पहले टी-20 मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को 68 रनों से दी मात।
अद्यतन - जुलाई 30, 2022 12:34 अपराह्न

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी-20 मैच के बाद आकाश चोपड़ा ने टीम इंडिया के ओपनिंग कॉम्बिनेशन को लेकर कुछ बड़े सवाल उठाए हैं। दरअसल 29 जुलाई को भारत और वेस्टइंडीज के बीच तारोबा में पहला टी-20 मैच खेला गया। इस मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के साथ सूर्यकुमार यादव ने पारी का आगाज किया। टीम मैनेजमेंट के इस फैसले को देख फैंस समेत सभी क्रिकेट एक्सपर्ट हैरान रह गए।
रोहित और सूर्यकुमार यादव ने मिलकर पहले विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी की। मेन इन ब्लू ने मेजबान टीम के सामने जीत के लिए 191 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। लेकिन भारतीय टीम ने अंत में 68 रनों के बड़े अंतर से मैच जीत लिया। इस बीच अपने YouTube चैनल पर साझा किए गए एक वीडियो में पहले मैच का विश्लेषण करते हुए आकाश चोपड़ा ने टीम मैनेजमेंट पर निशाना साधा।
सूर्यकुमार यादव से ओपनिंग करवाने पर भड़के आकाश चोपड़ा
उन्होंने वीडियो में कहा कि, “आप सलामी बल्लेबाजों के साथ क्या कर रहे हैं? यह थोड़ा चौंकाने वाला है; वे म्यूजिकल चेयर क्यों बना रहे हैं? चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन से मेरा सवाल है – क्या आपने एक घूमने वाला दरवाजा खोल दिया है?”
उन्होंने आगे कहा कि, “आखिरी सीरीज और इस सीरीज में क्या अंतर है? विराट कोहली नहीं हैं, वह नंबर 3 पर खेल रहे थे, इसलिए आपने उनकी जगह श्रेयस अय्यर को मौका दिया। पिछली सीरीज में आपने ऋषभ पंत से ओपन करवाया था, और यहां आप सूर्यकुमार यादव को ओपनिंग के लिए भेज दिया।”
चोपड़ा ने कहा कि भारत ने हाल ही में अपने शुरुआती संयोजन के साथ बहुत प्रयोग किए हैं, और यहां और भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि, “जब केएल राहुल आएंगे, तो आप कहेंगे कि हम उन्हें ओपन कर देंगे, फिर आप कह सकते हैं कि आप विराट कोहली को ओपन कर देंगे। रोहित एक छोर पर रहेंगे, इसमें कोई संदेह नहीं है। खिलाड़ी इन दिनों इतने मैच मिस करते हैं, कि आप पहले से ही लगभग 25 नए ओपनिंग जोड़ी का इस्तेमाल कर चुके हैं।”