‘वह बहुत अच्छे क्रिकेटर…’ Varun Aaron के रिटायरमेंट को लेकर आकाश चोपड़ा
तेज गेंदबाज ने भारत के लिए 9 वनडे और 9 टेस्ट मैच खेले थे।
अद्यतन - जनवरी 11, 2025 3:13 अपराह्न

10 जनवरी को तेज गेंदबाज वरुण आरोन (Varun Aaron) ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट की घोषणा की थी। क्रिकेटर के खेल से विदाई को लेकर पूर्व क्रिकेटरों के साथ क्रिकेट जगत में काफी चर्चा देखने को मिली।
दूसरी ओर, अब आरोन के रिटायरमेंट को लेकर पूर्व भारतीय खिलाड़ी और जाने-माने क्रिकेट कमेंटेटर आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) की बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। चोपड़ा का कहना है कि आरोन एक बहुत अच्छे क्रिकेटर थे।
आकाश चोपड़ा ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि आरोन के रिटायरमेंट को लेकर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड एक वीडियो के माध्यम से कहा- वरुण आरोन ने संन्यास की घोषणा कर दी है, उन्होंने पहले रेड बॉल क्रिकेट छोड़ा और अब उन्होंने पूरी तरह से क्रिकेट छोड़ दिया है।
वह तेज गेंदबाजी करते थे, वरुण वाकई काफी तेज थे, उनके पास गति थी। अगर मुझे सही से याद है तो उन्होंने एडिलेड में डेब्यू किया था, क्योंकि तब विराट कोहली को तेज गेंदबाज काफी पसंद थे।
आकाश ने आगे कहा- उनका वहां डेब्यू हुआ, लेकिन बेचारे को वहां पर बहुत मार पड़ी और मैंने कहा यार यह आदमी कहां फंस गया है। हालांकि, इसके बाद उन्हें ज्यादा क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला। मैंने सोचा कि वह अच्छा था, अगर मैं इसे वरुण के दृष्टिकोण से देखूं तो थोड़ी अधूरी संभावना है। लेकिन वह बहुत अच्छे क्रिकेटर थे।
Varun Aaron के क्रिकेट करियर पर एक नजर
गौरतलब है कि 2010-11 विजय हजारे ट्राॅफी के फाइनल में गुजरात के खिलाफ, 153 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंद फेंकने की वजह से वरुण आरोन सुर्खियों में आए थे। इसके बाद 2011 में उन्हें धोनी की कप्तानी में डेब्यू करने का मौका मिला।
हालांकि, इंजरी की वजह से वह भारत के लिए सिर्फ 9 टेस्ट और इतने ही वनडे मैच खेल सके। टेस्ट क्रिकेट में आरोन ने 4.78 की इकाॅनमी से कुल 18 विकेट हासिल किए, तो वनडे में 6.62 की इकाॅनमी से 11 विकेट हासिल किए। इसके अलावा आरोन ने आईपीएल में कुल 52 आईपीएल मैच खेले। इस दौरान तेज गेंदबाज ने 8.94 की इकाॅनमी और 33.66 की औसत से कुल 44 विकेट अपने नाम किए।