“वो कमबैक किंग हैं”- विराट कोहली की तारीफ में बड़ी बात कह गए आकाश चोपड़ा
2023 वनडे वर्ल्ड कप में सबसे अधिक रन बनाने वाले प्लेयर थे विराट कोहली।
अद्यतन - Jan 21, 2024 12:04 pm

टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने विराट कोहली को कमबैक किंग कहा है। उनका मानना है कि जिस तरह से खराब फॉर्म के बाद उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की है, उसके लिए उन्हें कमबैक किंग कहना गलत नहीं होगा।
कोहली ने 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की जो उतना अच्छा नहीं रहा था और 2014 में इंग्लैंड के अपने पहले टेस्ट क्रिकेट वाले दौरे में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। अगले कुछ वर्षों तक अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के बाद, दिग्गज बल्लेबाज को फिर से संघर्ष करना पड़ा। 2019 से 2021 के बीच विराट कोहली को एक-एक रन बनाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा था।
अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए एक वीडियो में, चोपड़ा ने विराट कोहली के रिकॉर्ड, खासकर रन चेज, आक्रामक कप्तानी और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के प्रति वफादारी को उनके कुछ परिभाषित गुणों के रूप में चुना। उन्होंने वापसी करने की क्षमता के लिए इस बल्लेबाज की खूब तारीफ की।
विराट कोहली की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा ने कहा कि, “Last but not the least (कमबैक किंग)। आप ऊपर जाते हैं लेकिन फिर गिरते हैं। हर किसी को गिरना पड़ता है लेकिन महत्वपूर्ण बात यह है कि कोई कितनी बार फिर से चढ़ सकता है। वह 2011-12 में एक बार गिरा था लेकिन फिर उठ खड़ा हुआ। उसके बाद कि, उसने आठ से दस वर्षों तक राज किया। बिल्कुल भी कोई चूक नहीं हुई।”
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज ने आगे कहा कि, “वह एक झटका था जिसके बाद उन्होंने शायद फैसला किया – ‘फिर कभी नहीं’। वह लगातार प्रतिबद्धता के साथ खेले लेकिन फिर यह स्थिति फिर से कोविड के दौरान आई, जब वह रन नहीं बना रहे थे। उन्होंने लंबे समय तक शतक नहीं बनाया था। उन्होंने कई मैच मिस किए और कई लोगों ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया था।”
नवंबर 2019 में ईडन गार्डन्स में बांग्लादेश के खिलाफ पिंक बॉल टेस्ट में 136 रन की पारी के बाद कोहली ने लगभग तीन वर्षों तक सभी प्रारूपों में कोई शतक नहीं बनाया। 2020-2022 के बीच सभी तीन फॉर्मेट में टेस्ट क्रिकेट में उनका औसत 30 से कम रहा।
यह भी पढ़ें: आईपीएल शुरू होने से पहले विल जैक को लेकर बड़ी बात बोल गए डिविलियर्स