आप उनको क्या जवाब देंगे? बांग्लादेश दौरे के लिए संजू सैमसन को नहीं चुने जाने पर भड़के आकाश चोपड़ा
शुभमन गिल, दीपक हुड्डा, संजू सैमसन, युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव, समेत अन्य खिलाड़ी बांग्लादेश दौरे पर नहीं जाएंगे।
अद्यतन - नवम्बर 29, 2022 5:57 अपराह्न

पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने 4 दिसंबर से शुरू होने वाली आगामी बांग्लादेश सीरीज के लिए चयनकर्ताओं द्वारा संजू सैमसन को नजरअंदाज किए जाने के बाद अपनी निराशा व्यक्त की है। इस दौरे पर दोनों टीमों के बीच टेस्ट और वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। 2015 में पदार्पण करने वाले सैमसन को अब तक टीम इंडिया के लिए कुछ-कुछ मुकाबलों में ही खेलने का मौका मिला है।
संजू सैमसन के अलावा, चोपड़ा ने यह भी सवाल किया है कि शुभमन गिल, दीपक हुड्डा जैसे खिलाड़ियों को बांग्लादेश वनडे सीरीज में खेलने का मौका क्यों नहीं मिल रहा है। साथ ही कुछ क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने चयनकर्ताओं से सूर्यकुमार यादव को ब्रेक देने का भी आग्रह किया है क्योंकि वह पिछले कुछ महीनों से लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं।
संजू सैमसन को लेकर आकाश चोपड़ा ने दिया बड़ा बयान
अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए एक वीडियो में आकाश चोपड़ा ने कहा कि, “कुलदीप यादव को एक मैच दीजिए। उमरान मलिक को निश्चित तौर पर खिलाइए। दीपक हूडा को भी खिलाइए लेकिन संजू सैमसन को भी खिलाने की कोशिश कीजिए। अगर आप संजू सैमसन को नहीं खिलाएंगे तो फिर आपकी काफी आलोचना होगी। अगर आप ऐसा करते हैं तो फिर आलोचनाओं के लिए तैयार रहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि, “जब आप वनडे टीम में इतने सारे बदलाव देखते हैं तो आप यही सोचते हैं कि इसका क्या मतलब है? आप शुभमन गिल को क्या बताने वाले हैं? आप दीपक हुड्डा को क्या बोलेंगे? आप संजू सैमसन को जवाब क्या देंगे? अगर आप कुलदीप चहल को एक साथ नहीं शामिल कर सकते हैं तो आप उन्हें एक साथ क्यों चुनते हैं? यदि आप करते हैं, तो उन्हें एक साथ टीम में चुने।”
सैमसन को ऋषभ पंत के साथ एक विकेटकीपर के रूप में चुना गया था, लेकिन उनको न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई टी-20 सीरीज में एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला। वनडे सीरीज के पहले मैच में उन्हें खेलने का मौका मिला और वहां उन्होंने 38 गेंदों पर 36 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। लेकिन दूसरे मैच में उन्हें फिर से ड्रॉप कर दिया गया।