अगर सूर्यकुमार यादव को अच्छे फॉर्म में आना है वापस तो एबी डिविलियर्स की इस सलाह को जरूर मानें - क्रिकट्रैकर हिंदी

अगर सूर्यकुमार यादव को अच्छे फॉर्म में आना है वापस तो एबी डिविलियर्स की इस सलाह को जरूर मानें

पिछले काफी समय से सूर्यकुमार यादव बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं।

Suryakumar Yadav and AB De Villiers (Pic Source-Twitter)
Suryakumar Yadav and AB De Villiers (Pic Source-Twitter)

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की शुरुआत 31 मार्च से हो गई है। अभी तक कई टीमों ने इसमें काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि पांच बार की IPL विजेता मुंबई इंडियंस के लिए इस सीजन की शुरुआत अच्छी तरह से नहीं हुई।

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के अपने पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ करारी शिकस्त मिली। तिलक वर्मा के अलावा कोई भी अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहा। मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए सबसे निराशाजनक बात यह रही कि विस्फोटक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव मात्र 15 रन बनाकर आउट हो गए।

पिछले काफी समय से सूर्यकुमार यादव बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं। हाल ही में संपन्न हुई भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में वो तीनों ही मुकाबलों में पहली गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए थे। सूर्यकुमार यादव इस समय काफी खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं और इसी को लेकर दक्षिण अफ्रीका और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के पूर्व खिलाड़ी एबी डिविलियर्स ने भारतीय बल्लेबाज को एक बड़ी सलाह दी है।

आप हमेशा विस्फोटक पारी नहीं खेल सकते और यह बात सूर्यकुमार यादव को जानना बेहद जरूरी है: एबी डिविलियर्स

न्यूज18 के मुताबिक एबी डिविलियर्स ने कहा कि, ‘सूर्यकुमार इस समय उस दौर में है जिसमें उन्हें कुछ करना बेहद जरूरी है। लेकिन सीक्रेट यही है कि उन्हें जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए और अपने गेमप्लान को भी नहीं बदलना चाहिए। उन्हें वैसे ही खेल खेलना चाहिए जैसा वो इतने सालों से खेल रहे हैं।

हां ऐसा हो सकता है कि वो अपने बेसिक (Basic) के बारे में सोचें। उन्होंने पहले भी काफी अच्छी पारियां खेली है मुझे पूरी उम्मीद है कि आने वाले समय में भी वो बड़ी पारी खेलेंगे। मेरा यही मानना है कि इसमें कोई बुराई नहीं है कि आप यह सोचे कि आपका स्तर गिर गया है।

कोई भी खिलाड़ी कभी भी हर मुकाबले में 40 गेंदों में 100 रन नहीं बना सकता है और यह बात सूर्यकुमार यादव को भी समझनी चाहिए। चिन्नास्वामी स्टेडियम में भी दर्शक हमेशा यही चाहते थे कि मैं हर मुकाबले में शतक जड़ अपनी टीम को मुकाबले जिताऊं। लेकिन मैं खुद से यह बात कहता था कि एबी इस समय आपको गेंदें समझ नहीं आ रही है और इसी वजह से आप 1 रन ले और विराट कोहली को स्ट्राइक दें। उस समय अगर आपने एक अच्छा शॉट खेल लिया तो आप मुकाबले में वापस आ सकते हैं।’

close whatsapp