बटलर और अश्विन को अपनी टीम में शामिल करने के बाद राजस्थान रॉयल्स ने पोस्ट किया मजेदार वीडियो
आर अश्विन को राजस्थान रॉयल्स ने 5 करोड़ की कीमत में खरीदा।
अद्यतन - Feb 12, 2022 3:55 pm

आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी बैंगलोर में शुरू हो चुकी है। इस मेगा नीलामी में जैसी की उम्मीद जताई रही थी, खिलाड़ी पर बड़ी-बड़ी बोली देखने को मिल रहीं हैं। आईपीएल के पहले संस्करण की विजेता फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स ने भी अपनी टीम में बड़े खिलाड़ियों को साइन करने के लिए जमकर पैसा लगाया है। राजस्थान रॉयल्स ने भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के लिए अपनी बड़ी बोली लगाते हुए उनके बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये से 2.5 गुना अधिक की कीमत देकर 5 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है।
राजस्थान रॉयल्स के पास पहले ही कप्तान संजू सैमसन, जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल हैं। इन तीनों प्लेयर्स को राजस्थान ने मेगा ऑक्शन से पहले ही रिटेन किया था। जिसमें, संजू सैमसन 14 करोड़ रुपये, जोस बटलर 10 करोड़ रुपये और यशस्वी जायसवाल 8 करोड़ रुपये में रिटेन किए गए थे। जब से आर अश्विन राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़े हैं तभी से सोशल मीडिया पर अश्विन और बटलर को लेकर काफी प्रतिक्रिया देखने को मिली है।
अब इस वक्त सभी ये सोच रहे होंगे की अचानक से अश्विन और बटलर सुर्खियों में क्यों आ गए दरअसल, आईपीएल के एक मैच में रविचंद्रन अश्विन पंजाब किंग्स का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। जबकि, जोस बटलर रॉयल्स में ही थे। उस मैच में जब बटलर 69 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। तब, रविचंद्रन अश्विन ने उन्हें नॉन स्ट्राइकर एंड पर मांकड़ तरीके से रनआउट कर दिया था।
जिसके बाद सोशल मीडिया पर इन दोनों प्लेयर्स को लेकर काफी मीम्स शेयर किए गए थे। अब अश्विन को अपने साथ जोड़ने के बाद राजस्थान रॉयल्स ने भी इस मामले पर मजे लेते हुए अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक मजेदार वीडियो पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा कि, New friendships’.
यहां देखिए राजस्थान का वह वीडियो
राजस्थान रॉयल्स ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को भी नीलामी में खरीद लिया है। लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाज को आईपीएल 2022 नीलामी में 8 करोड़ रुपये में राजस्थान ने खरीदा है, बोल्ट का बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये था। राजस्थान रॉयल्स ने शिमरोन हेटमायर को 8.5 करोड़ रुपये में खरीदा। युवा ओपनर देवदत्त पडिक्कल भी इस बार आईपीएल में राजस्थान की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। बाएं हाथ के इस उदीयमान बल्लेबाज को राजस्थान ने 7.75 करोड़ रुपये में खरीदा।