अजिंक्य रहाणे का छक्का देख 'हांफ' गए फाफ, RCB के खिलाड़ियों के चेहरे पर पसीना दिखा साफ! - क्रिकट्रैकर हिंदी

अजिंक्य रहाणे का छक्का देख ‘हांफ’ गए फाफ, RCB के खिलाड़ियों के चेहरे पर पसीना दिखा साफ!

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में आज यानी 17 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने बैंगलोर के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 8 रनों से करारी शिकस्त दी।

RCB vs CSK (Pic Source-Twitter)
RCB vs CSK (Pic Source-Twitter)

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में आज यानी 17 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने बैंगलोर के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 8 रनों से करारी शिकस्त दी। दोनों टीमों ने इसमें काफी अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन अंत में CSK ने RCB को मात दी।

मुकाबले की बात की जाए तो चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 226 रन बनाए। टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 6 चौके और 6 छक्कों की मदद से 83 रन की विस्फोटक पारी खेली। कॉनवे के अलावा CSK की ओर से अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 20 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 37 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इन दो छक्कों में 1 छक्का रहाणे ने 91 मीटर का मारा जिसको देख RCB के कप्तान फाफ डु प्लेसिस की आंखें भी खुली की खुली रह गई। उनको इस बात की बिल्कुल उम्मीद ही नहीं थी कि रहाणे विजयकुमार की गेंद पर इतना लंबा छक्का जड़ेंगे। रहाणे ने यह छक्का CSK की पारी के 5वें ओवर में जड़ा। गेंद भी स्टेडियम के बाहर जानें से बाल-बाल बची।

आप भी देखें वीडियो:

https://twitter.com/cricketkhelo11/status/1647980894664392704?s=20

चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से शिवम दुबे ने भी काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 27 गेंदों में दो चौके और 5 छक्कों की मदद से 52 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 218 रन ही बना पाई। टीम की ओर से कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 33 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 62 रन की पारी खेली जबकि ग्लेन मैक्सवेल ने 36 गेंदों में तीन चौके और 8 छक्कों की मदद से 76 रन बनाए। हालांकि दोनों ही खिलाड़ी RCB को जीत दिलाने में नाकाम रहे। इन दोनों के अलावा दिनेश कार्तिक ने भी 14 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 28 रन का योगदान दिया।

चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से तुषार देशपांडे ने चार ओवर में 45 रन देकर तीन विकेट झटके। चेन्नई सुपर किंग्स ने अभी तक इस सीजन में कुल 5 मैच खेले हैं जिसमें से 3 में उन्होंने जीत दर्ज की है जबकि दो में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। अब उन्हें इस सीजन का अपना अगला मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 21 अप्रैल को खेलना है।

close whatsapp