'मैं लगातार वनडे खेल रहा था, मुझे अचानक टीम से ड्रॉप किया गया'- अपने खराब फॉर्म पर रहाणे - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘मैं लगातार वनडे खेल रहा था, मुझे अचानक टीम से ड्रॉप किया गया’- अपने खराब फॉर्म पर रहाणे

अधिक मैच नहीं मिलने की वजह से मेरी बल्लेबाजी प्रभावित हुई है: अजिंक्य रहाणे

Ajinkya Rahane. (Photo Source: Getty Images)
Ajinkya Rahane. (Photo Source: Getty Images)

अनुभवी भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे पिछले 12 महीनों से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं क्योंकि वह इस दौरान बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। 2021 में, 33 वर्षीय रहाणे ने 13 टेस्ट में 20.83 के निराशाजनक औसत से सिर्फ 479 रन बनाए। नतीजतन, उन्हें खेल के सबसे लंबे प्रारूप में भारत के उप-कप्तान के पद से हटा दिया गया। इसके बाद टीम में उनकी जगह भी सवालों के घेरे में आ गई है।

2022 में, रहाणे ने दक्षिण अफ्रीका में दो टेस्ट खेले और वहां भी ज्यादा प्रभावित भी नहीं कर सके। उन्होंने चार पारियों में 68 रन बनाए जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है। टेस्ट फॉर्मेट में अपने खराब प्रदर्शन के बारे में रहाणे ने कहा कि ज्यादा मैच न खेल पाने की वजह से उनकी बल्लेबाजी अधिक प्रभावित हुई है। जब से COVID-19 शुरू हुआ है, भारत में कई घरेलू टूर्नामेंट रद्द कर दिए गए हैं।

आप घर पर बैठकर रन नहीं बना सकते- अजिंक्य रहाणे

जैसा कि रहाणे ODI या T20 टीम का हिस्सा नहीं रहते हैं, उनके पास मैच अभ्यास की कमी है। उनका मानना ​​​​है कि उनके प्रदर्शन को देखते हुए इस मुद्दे को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। पत्रकार बोरिया मजूमदार के शो Backstage with Boria में उन्होंने कहा कि, “कभी-कभी, वास्तविकता यह होती है, जब आप केवल एक प्रारूप खेलते हैं और विशेष रूप से पिछले 2-3 वर्षों में जहां कोई रणजी क्रिकेट नहीं है और कोई अन्य घरेलू खेल नहीं है, मुझे लगता है कि इसे ध्यान में रखा जाना चाहिए क्योंकि आप घर पर बैठकर रन नहीं बना सकते।”

उन्होंने आगे कहा कि, “आप कितना भी अभ्यास करें या कितने भी सत्र हों, उससे आत्मविश्वास नहीं मिलेगा। आत्मविश्वास मैच खेलने और मैचों में रन बनाने के साथ आता है।” बता दें कि रणजी ट्रॉफी आखिरी बार 2019/20 में आयोजित की गई थी। जबकि 2020/21 संस्करण को COVID-19 महामारी के कारण रद्द कर दिया गया था, देश भर में मामलों में अचानक वृद्धि के कारण मौजूदा सीजन भी देरी से शुरू हुई।

अनुभवी बल्लेबाज ने अंत में कहा कि, “इससे पहले, मैं टीम इंडिया के लिए लगातार एकदिवसीय क्रिकेट खेल रहा था और मैं वास्तव में अच्छा कर रहा था। अचानक, मैं ड्रॉप हो गया, मैं उसमें नहीं जाना चाहता, मैं अपने अतीत में नहीं जाना चाहता, लेकिन वास्तविकता यह है कि मैं 2014, 15, 16 और 17 में अच्छा खेल रहा था। वनडे और टेस्ट क्रिकेट दोनों वास्तव में अच्छा जा रहा है। उसके बाद मुझे मुश्किल से गेम टाइम मिला, टेस्ट मैचों के बीच बहुत बड़ा अंतर था”

close whatsapp