तिलक वर्मा के बचपन के कोच, भारतीय क्रिकेटर के अंतरराष्ट्रीय स्तर में प्रदर्शन को देखकर हैं काफी खुश - क्रिकट्रैकर हिंदी

तिलक वर्मा के बचपन के कोच, भारतीय क्रिकेटर के अंतरराष्ट्रीय स्तर में प्रदर्शन को देखकर हैं काफी खुश

दूसरे टी-20 मुकाबले में इस युवा खिलाड़ी ने एक बार फिर से काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 41 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 51 रनों की बहुमूल्य पारी खेली।

Tilak Varma (Photo Source: Twitter)
Tilak Varma (Photo Source: Twitter)

भारतीय टीम के युवा खिलाड़ी तिलक वर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जा चुके पहले टी-20 मुकाबले में अपना अंतरराष्ट्रीय टी-20 डेब्यू किया था। अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में तिलक वर्मा ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय टीम की ओर से इस मैच में 22 गेंदों में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 39 रनों की बहुमूल्य पारी खेली।

दूसरे टी-20 मुकाबले में इस युवा खिलाड़ी ने एक बार फिर से काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 41 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 51 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। भले ही 5 मुकाबलों की टी-20 सीरीज के पहले दो मुकाबलों में भारतीय टीम का प्रदर्शन इतना अच्छा नहीं रहा और उन्हें दोनों मुकाबलों में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा लेकिन तिलक वर्मा की बल्लेबाजी के कई लोगों ने जमकर प्रशंसा कर रहे हैं।

5 मुकाबलों की टी-20 सीरीज में वेस्टइंडीज इस समय 2-0 से आगे है लेकिन तिलक ने उनके गेंदबाजों के खिलाफ अभी तक काफी अच्छी बल्लेबाजी की है। तिलक वर्मा के बचपन के कोच सलाम बयाश उनके प्रदर्शन को देखकर काफी खुश हैं और उन्होंने भारतीय क्रिकेटर की जमकर प्रशंसा भी की।

सलाम बयाश ने न्यूज 18 को बताया कि, ‘तिलक वर्मा बहुत ही साधारण परिवार से आते हैं जहां उन्हें यह भी सिखाया जाता है कि अपने शिक्षक की इज्जत करनी चाहिए और उन्हें सम्मान देना चाहिए। वो खुद बहुत ही अच्छा लड़का है। मैंने मेहनत कराया, और उसने मेहनत किया देने वाला तो ऊपर वाला ही है। मैं उसके लिए बहुत ही खुश हूं। हर कोई यही चाहता है कि उसका विद्यार्थी देश के लिए खेले और मेरा सपना पूरा हुआ।’

उन्होंने मुझे वीडियो कॉल भी किया था: सलाम बयाश

सलाम बयाश ने आगे बताया कि, ‘जब तिलक वर्मा भारत के लिए चुने गए थे तब उन्होंने मुझे वीडियो कॉल भी किया था। मैं उस समय गाड़ी चला रहा था। वो मुझे कॉल करते रहे और जब मैंने गाड़ी को खड़ा किया और उनका कॉल उठाया तब उन्होंने मुझे यह खबर थी कि मैं भारत की टीम में चुना जा चुका हूं। सर मेरा इंडियन टीम में नाम आया है। मैं बहुत खुश था और मुझे हमेशा यह लगता है कि उनके अंदर बड़े खिलाड़ी बनने की काबिलियत है और उन्हें बस इसके लिए जमकर अभ्यास करना है।’

फिलहाल भारतीय टीम पांच मुकाबलों की टी-20 सीरीज में 2-0 से पीछे है। अब उन्हें बचे हुए तीन मुकाबले में और भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा। तिलक वर्मा के अलावा अभी तक भारतीय टीम में किसी भी अन्य बल्लेबाज ने बड़ी पारी नहीं खेली है।

close whatsapp