“आप किसी भी इंटरनेशनल टीम को कम नहीं आंक सकते”- IND-BAN सीरीज को लेकर बोले गिल
19 सितंबर से भारत और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा पहला टेस्ट मैच।
अद्यतन - सितम्बर 10, 2024 2:17 अपराह्न

टीम इंडिया बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए तैयारियों में जुटी है। यह सीरीज 19 सितंबर से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में शुरू होने वाली है। इस सीरीज के शुरू होने से पहले टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल ने कहा कि नजमुल हुसैन शांतो की अगुवाई वाली बांग्लादेश की टीम को कम नहीं आंकना चाहिए।
गौरतलब है कि हाल ही में नजमुल हुसैन शांतो की अगुआई में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को उसके ही घर में हराकर क्रिकेट जगत को चौंकाया। उसने पहला टेस्ट 10 विकेट से और दूसरा मैच 6 विकेट से जीतकर पाकिस्तान को सीरीज में क्लीन स्वीप किया था। इतिहास में यह पहली बार था जब बांग्ला टाइगर्स ने पाकिस्तान को टेस्ट मैच के साथ-साथ टेस्ट सीरीज में भी हराया। बांग्लादेश की टीम में अभी शानदार बल्लेबाजी यूनिट के साथ-साथ शानदार स्पिन और पेस अटैक मौजूद है।
बांग्लादेश सीरीज को लेकर शुभमन गिल ने दिया बड़ा बयान
भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल ने इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए टीम इंडिया को सावधान रहने की चेतावनी दी। जियो सिनेमा के साथ बातचीत के दौरान शुभमन गिल ने कहा कि, मुझे नहीं लगता है कि आप किसी भी इंटरनेशनल टीम को कम आंक सकते हैं। पिछले कुछ महीनों में बांग्लादेश ने जिस तरह का क्रिकेट खेला है खासकर पाकिस्तान में वह काफी प्रभावशाली है।
उनके तेज गेंदबाजों और उनके मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने जिस तरह से दबाव को झेला है, उसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इसलिए, मेरा मानना है कि यह टेस्ट सीरीज दिलचस्प होने वाला है। गिल का कहना है कि इस टीम की तेज गेंदबाजी और मध्यक्रम की बल्लेबाजी शानदार है और इस टीम की असली ताकत यही है।
वहीं नंबर 3 पर बल्लेबाजी के बारे में बात करते हुए गिल ने कहा कि, शुरुआत में वो इस नंबर पर रन बनाने में सफल नहीं हो पाए थे। उन्होंने कहा कि वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका में इस नंबर पर मैं सफल नहीं हो पाया था। शुरुआत तो मुझे अच्छी मिल रही थी, लेकिन मैं 20-30 रन ही बना पा रहा था, लेकिन उसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पा रहा था। वापस आने के बाद मैंने सोचा कि मुझे बड़े स्कोर बनाने होंगे और मेरा लक्ष्य अपने अर्धशतक को शतक में बदलना है। इसके बाद मैं इस रणनीति के तहत आगे बढ़ा और रन बनाने में सफल हुआ।