एशेज 2023: बार्मी आर्मी ने मैच के दौरान विराट कोहली को लेकर किया ट्वीट, तमाम भारतीय फैंस हुए आगबबूला
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि मोईन अली ने काफी बेहतरीन गेंद पर भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को आउट किया।
अद्यतन - Jun 18, 2023 12:50 pm

इस समय इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज का पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। एशेज सीरीज के पहले टेस्ट के दौरान इंग्लैंड की बार्मी आर्मी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को लेकर एक वीडियो साझा की।
यह वीडियो तब साझा की गई जब ऑस्ट्रेलिया पारी के दौरान मोईन अली गेंदबाजी करने आए। ऐसा कई बार देखा गया है कि बार्मी आर्मी मुकाबले के दौरान कई बार कुछ ऐसी तस्वीरें या वीडियो साझा करती है जिससे कई दर्शक इसका लुफ्त उठाते हुए नजर आते हैं।
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि मोईन अली ने काफी बेहतरीन गेंद पर भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को आउट किया। उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा, ‘मोईन अली ने हाथ में लाल गेंद के साथ वापसी की।’
यह रहा ट्वीट:
Mo back with the red ball in hand 😍#Ashes pic.twitter.com/IF9g555Gp9
— England's Barmy Army 🏴🎺 (@TheBarmyArmy) June 17, 2023
इस ट्वीट को देख कई भारतीय फैंस खुश नहीं है। बता दें, सितंबर 2021 में अपना आखिरी टेस्ट मैच खेलने के बाद इंग्लिश ऑलराउंडर ने इस प्रारूप से संन्यास ले लिया था। हालांकि लगभग 2 सालों के बाद उन्होंने एशेज सीरीज 2023 में संन्यास से वापस आने का ऐलान किया।
मैच की बात की जाए तो इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी को आठ विकेट पर 393 रन पर घोषित किया। टीम की ओर से जो रूट ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 152 गेंदों में 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से 118 रनों की नाबाद बहुमूल्य पारी खेली। उनके अलावा जॉनी बेयरस्टो ने 78 गेंदों में 12 चौकों की मदद से 78 रन बनाए। मोईन अली की बात की जाए तो उन्होंने 17 गेंदों में 2 चौके और एक छक्के की मदद से 18 रनों की पारी खेली।
जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट खोकर 311 रन बना लिए हैं। उस्मान ख्वाजा ने 279 गेंदों में 14 चौके और दो छक्कों की मदद से 126* रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं जबकि एलेक्स केरी ने 80 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 52* रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया अभी भी अपनी पहली पारी में 82 रनों से पीछे हैं। इंग्लिश ऑलराउंडर ने गेंदबाज़ी में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और अभी तक 2 विकेट अपने नाम कर लिए हैं। खेल का तीसरा दिन दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण होगा।