ओली रॉबिंसन ने दोनों पैरों में पहने दो अलग-अलग जूते, सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे इंग्लिश तेज गेंदबाज
मुकाबले के दौरान ओली रॉबिंसन को दोनों पैरों में दो अलग-अलग जूते पहने हुए देखा गया जिसको देख तमाम लोग हैरान रह गए।
अद्यतन - जून 18, 2023 9:01 अपराह्न

इंग्लैंड टीम के बेहतरीन तेज गेंदबाज ओली रॉबिंसन को बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले जा रहे एशेज टेस्ट के पहले मुकाबले में दो अलग-अलग जूते पहने हुए देखा गया। बता दें, एशेज 2023 से पहले काउंटी चैंपियनशिप में भी उन्हें काफी परेशान होते हुए देखा गया था। उनके बाएं टखने में थोड़ी परेशानी हो रही थी। हालांकि ओली रॉबिंसन को एशेज 2023 के पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने के लिए मेडिकल स्टाफ से हरी झंडी मिल गई थी।
मुकाबले के दौरान ओली रॉबिंसन को दोनों पैरों में दो अलग-अलग जूते पहने हुए देखा गया जिसको देख तमाम लोग हैरान रह गए। अभी तक इसकी कोई पुष्टि नहीं की गई है लेकिन तमाम लोगों का यही कहना है कि यह चोट उनको मुकाबले से पहले ही लग गई थी।
Robinson https://t.co/Q2k5EnpjJ9
— Dr. Jaydip (@Gameofcricket9) June 18, 2023
लंच से पहले इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 386 रनों पर किया ऑलआउट
पहले टेस्ट की बात की जाए तो इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी को 393 रन पर आठ विकेट पर घोषित कर दिया था। टीम की ओर से जो रूट ने पहली पारी में काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 152 गेंदों में सात चौके और 8 छक्कों की मदद से 118 रनों की नाबाद पारी खेली। उनके अलावा जॉनी बेयरस्टो ने 78 गेंदों में 12 चौकों की मदद से 78 रन बनाए। ओली पोप ने 44 गेंदों में दो चौकों की मदद से 31 रन का योगदान दिया।
जवाब में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को उनकी पहली पारी में 386 रन पर ऑलआउट कर दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से पहली पारी में सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने 321 गेंदों में 14 चौके और तीन छक्कों की मदद से 141 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। उनके अलावा एलेक्स कैरी ने 99 गेंदों में 10 चौके और एक छक्के की मदद से 66 रन बनाए। ट्रेविस हेड ने 63 गेंदों में आठ चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन का योगदान दिया जबकि कप्तान पैट कमिंस ने 38 रन की बहुमूल्य पारी खेली।
ओली रॉबिंसन ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके। उनके अलावा स्टुअर्ट ब्रॉड ने भी 3 विकेट हासिल किए। मोईन अली ने दो जबकि जेम्स एंडरसन और बेन स्टोक्स ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।