Ashes 2023: लॉर्ड्स टेस्ट से पहले रिकी पोंटिंग ने मार्नस लाबुशेन और ट्रैविस हेड को दी बड़ी चेतावनी
एशेज सीरीज के पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट से जीत दर्ज की थी।
अद्यतन - Jun 25, 2023 4:06 pm

एशेज सीरीज (Ashes Series) का दूसरा टेस्ट मैच इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच 28 जून से लॉर्ड्स में खेला जाएगा। पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी। 281 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने उस्मान ख्वाजा के (65 रन) और पैट कमिंस के (44 रन) की नाबाद पारी के बल पर जीत दर्ज की थी।
दूसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया इसी फॉर्म को बरकरार रखना चाहेगी वहीं इंग्लैंड वापसी करना चाहेगी। पहले टेस्ट मैच में मार्नस लाबुशेन और ट्रैविस हेड दोनों ही शानदार खेल दिखा पाने में नाकामयाब रहे थे। दूसरे टेस्ट मैच से पहले पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज बल्लेबाज रिकी पोंटिंग मार्नस लाबुशेन और ट्रैविस हेड को बड़ा सुझाव देते हुए नजर आए।
हेड और लाबुशेन को रिकी पोंटिंग ने दिया यह सुझाव
इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट में मार्नस लाबुशेन ने दोनों पारियों में 13 रन और ट्रैविस हेड ने दोनों पारियों में 66 रन बनाए थे। लॉर्ड्स टेस्ट मैच से पहले रिकी पोंटिंग ने आईसीसी रिव्यू पर बात करते हुए कहा, ‘मैं उनके आने और मुझसे पूछने का इंतजार करूंगा। यह मेरी जगह नहीं है मैं कोचों में से एक नहीं हूं मैं सिर्फ एक पुराना खिलाड़ी हूं जो पीछे बैठा है और विश्लेषण कर रहा है कि इनमें से बहुत से लोग क्या क्या कर रहे हैं?’
रिकी पोंटिंग ने आगे कहा, ‘लेकिन मैं उनसे मिलना चाहूंगा और उनके बारे में बातचीत करना चाहूंगा। मुझे लगता है कि वह (मार्नस लाबुशेन) चीजों को थोड़ा कॉम्प्लिकेट बना रहे हैं। मुझे लगता है कि उन्हें उस चीज पर भरोसा करना चाहिए कि जिस चीज ने उन्हें पिछले कुछ वर्षों में नंबर-2 बल्लेबाज बनाया है, मैं बस उनसे यही कहूंगा।’
वहीं फिर रिकी पोंटिंग ने ट्रैविस हेड के बारे में बात करते हुए कहा, ‘मुझे लगता है कि उसे इस पर अपने मन से काम करना होगा। इस प्रकार की गेंदबाजी से निपटने का उनके पास सबसे अच्छा तरीका क्या है? अगर गेंद उसके शरीर पर आ जाए तो क्या वह हुक और पुल करने पर सफल होंगे? या फिर वह कोई दूसरा रास्ता खोजेगा जिससे उन्हें गेंदबाजों के खिलाफ आत्मविश्वास से खेलने में मदद मिलेगी?’