आशीष नेहरा ने अपने ही कप्तान हार्दिक पांड्या पर कसा तंज - क्रिकट्रैकर हिंदी

आशीष नेहरा ने अपने ही कप्तान हार्दिक पांड्या पर कसा तंज

कई लोग चाहते थे कि दिनेश कार्तिक इस मुकाबले को खत्म करें क्योंकि वो लगभग 3 साल बाद भारतीय टीम में वापसी कर रहे थे।

Hardik Pandya (Image Source: Getty Images)
Hardik Pandya (Image Source: Getty Images)

भारत के पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा का मानना है कि हार्दिक पांड्या को अंतिम ओवर में रन ले लेना चाहिए था और दिनेश कार्तिक को अंतिम गेंद खेलने देना चाहिए था। गुजरात टाइटंस के कप्तान ने दक्षिण अफ्रीका बनाम भारत के पहले टी-20 मुकाबले में जबरदस्त वापसी की।

उन्होंने 12 गेंदों में 31 रन की ताबड़तोड़ नाबाद पारी खेली। हालांकि उन्होंने पहली पारी के अंतिम ओवर की पांचवी गेंद पर एक रन लेने से मना कर दिया था और अंतिम गेंद पर उन्होंने 2 रन भागे थे। इसके अलावा हार्दिक पांड्या ने इस मुकाबले में 1 ओवर भी फेंका था जिसमें उनको दक्षिण अफ्रीका टीम के ऑलराउंडर ड्वेन प्रिटोरियस ने 3 छक्के जड़े थे।

ये हुआ था पहली पारी के अंतिम ओवर में

पहली पारी के अंतिम ओवर की शुरुआत कुछ इस प्रकार हुई कि तेज गेंदबाज एनरिख नॉर्खिया ने पहली गेंद पर ऋषभ पंत को आउट कर पवेलियन भेजा। इसी के साथ मैदान पर उतरे धाकड़ बल्लेबाज दिनेश कार्तिक। वो इस ओवर की दूसरी गेंद को मारने के चक्कर में मिस कर गए और फिर तीसरी गेंद पर एक रन भागकर हार्दिक को वापस स्ट्राइक पर लाए। पांड्या ने चौथी गेंद पर छक्का जड़ा और पांचवी गेंद पर एक रन लेने से मना कर दिया। आखिरी गेंद पर हार्दिक पांड्या ने 2 रन भागे।

बता दें, IPL 2022 में दिनेश कार्तिक ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को कई मुकाबले जिताए थे। इसके बाद प्रशंसकों ने भी हार्दिक पांड्या के एक रन ना लेने के बाद सोशल मीडिया पर अपना बयान देना शुरू कर दिया। कई लोग चाहते थे कि दिनेश कार्तिक इस मुकाबले को खत्म करें क्योंकि वो लगभग 3 साल बाद भारतीय टीम में वापसी कर रहे थे। हार्दिक पांड्या के फ्रेंचाइजी कोच आशीष नेहरा ने भी मजाकिया ढंग से इस रन मामले में टिप्पणी की।

हार्दिक पांड्या को अंतिम ओवर में एक रन लेना चाहिए था: आशीष नेहरा

क्रिकबज में आशीष नेहरा ने कहा कि, हार्दिक पांड्या को अंतिम ओवर में एक रन लेना चाहिए था क्योंकि दूसरी तरफ दिनेश कार्तिक खड़े थे, मैं नहीं। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 7 विकेट से मात दी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 211 रन बनाए। टीम की ओर से ईशान किशन ने 48 गेंदों में 76 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।

जवाब में दक्षिण अफ्रीका की ओर से डेविड मिलर ने 31 गेंदों में 64* रन और रस्सी वैन डेर डूसन ने 46 गेंदों में 75 रन की आक्रमक नाबाद पारी खेली और पांच गेंदें रहते हुए इस मुकाबले को अपने नाम किया। इस सीरीज का दूसरा मुकाबला 12 जून को कटक के बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा।

close whatsapp