श्रीलंका की जगह एशिया कप 2022 का आयोजन यूएई में कराए जाने का लिया गया आधिकारिक फैसला
एशिया कप 2022 की शुरुआत 27 अगस्त से होगी जबकि इसका फाइनल मुकाबला 11 सितंबर को खेला जाएगा।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - Jul 28, 2022 2:01 pm

एशिया कप 2022 को लेकर लगातार पिछले काफी समय से चर्चा देखने को मिल रही थी, कि उसका आयोजन यदि श्रीलंका में नहीं तो आखिर कहां पर किया जाएगा। जिसके बाद आखिरकार आयोजन को लेकर अंतिम फैसला ले लिया गया जिसमें 27 अगस्त से श्रीलंका क्रिकेट की मेजबानी में यूएई में एशिया कप का आयोजन किया जाएगा।
सभी एशियाई बोर्ड ने इसको लेकर फैसला किया जिसमें श्रीलंका में इस समय मौजूदा आर्थिक और राजनीतिक हालात को ध्यान में रखा गया है। दरअसल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दौरान श्रीलंका में प्रदर्शनकारी स्टेडियम के अंदर तक पहुंच गए थे। जिसके चलते दूसरे टेस्ट मैच के आयोजन स्थल को भी बदलने का फैसला लिया गया था।
एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की तरफ से जारी किए गए बयान में उन्होंने कहा कि, श्रीलंका में मौजूदा हालात को देखते हुए सभी बोर्ड ने एक साथ यह फैसला लिया कि आगामी एशिया कप का आयोजन श्रीलंंका की जगह पर यूएई में कराया जाए।
बता दें कि इस समय श्रीलंकाई टीम अपने घर पर ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करने के बाद पाकिस्तान के साथ टेस्ट सीरीज खेल रही है। जिसमें इसी दौरान देश के राष्ट्रपति ने देश को छोड़ दिया जिसके चलते नया राष्ट्रपति हालात को देखते हुए जल्द चुनना पड़ा।
भारत है गत-विजेता वहीं बाकी टीम भी टी-20 वर्ल्ड की तैयारी को देखते हुए खेलेंगी
इस बार टी-20 वर्ल्ड कप 2022 को ध्यान में रखते हुए एशिया कप का आयोजन टी-20 फॉर्मेट में कराए जाने का फैसला लिया गया है। जिसमें 6 एशियाई टीम हिस्सा लेने जा रही हैं। इसमें गत-विजेता भारत के अलावा पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश की टीम पहले ही मुख्य टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं, वहीं 6वीं टीम के लिए क्वालिफाइंग राउंड का आयोजन किया जाएगा।
भारतीय टीम इस अहम टूर्नामेंट में अपनी पूरी क्षमता के साथ उतरने का फैसला ले सकती है, ताकि खिलाड़ियों को टी-20 वर्ल्ड कप से पहले पूरी तरह से परखा जा सके।