हांगकांग के खिलाफ सूर्यकुमार यादव की तूफानी बल्लेबाजी देख विराट कोहली हुए नतमस्तक; देखिए वीडियो - क्रिकट्रैकर हिंदी

हांगकांग के खिलाफ सूर्यकुमार यादव की तूफानी बल्लेबाजी देख विराट कोहली हुए नतमस्तक; देखिए वीडियो

सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली ने हांगकांग के खिलाफ नाबाद 98 रनों की साझेदारी की।

Virat Kohli and Suryakumar Yadav (Image Source: Twitter)
Virat Kohli and Suryakumar Yadav (Image Source: Twitter)

भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को जारी एशिया कप 2022 में एक और मनोरंजक मुकाबला देखने को मिला, क्योंकि टीम इंडिया ने 31 अगस्त को अपने दूसरे ग्रुप मैच में हांगकांग को 40 रनों  से हराकर सुपर फोर के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इस मैच के सूपरस्टार और प्लेयर ऑफ द मैच सूर्यकुमार यादव रहे, लेकिन विराट कोहली ने भी उम्मीद के अनुसार शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन करते हुए अपने आलोचकों की बोलती बंद कर दी।

आपको बता दें, हांगकांग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो बुरी तरह फ्लॉप रहा, क्योंकि केएल राहुल (36) और रोहित शर्मा (21) ने भारतीय क्रिकेट टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। जिसके बाद दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में फैंस को सूर्यकुमार यादव के बल्ले से छक्कों और चौकों की बारिश देखने को मिली, वहीं विराट कोहली ने भी अपनी बल्लेबाजी से समां बांधे रखा।

विराट कोहली ने सूर्यकुमार यादव को किया नमन

एक तरफ जहां विराट कोहली ने 44 गेंदों में एक चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 59 रनों की पारी खेली, वहीं सूर्यकुमार यादव ने मात्र 26 गेंदों में 6 चौको और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 68 रनों की तूफानी पारी खेली। इसके अलावा, दोनों बल्लेबाजों ने नाबाद 98 रनों की साझेदारी की और भारत को हांगकांग के खिलाफ 20 ओवरों में 192 रनों का स्कोर खड़ा करने में मदद की, जिसके जवाब में विरोधी टीम केवल 152 रन बना पाई।

इस बीच, सूर्यकुमार यादव ने अंतिम ओवर में हांगकांग के हारून अरशद के खिलाफ लगातार तीन छक्के लगाए और फिर पांचवीं गेंद पर एक और छक्का लगाकर इस ओवर से 26 रन बटोरे, जिसके बाद विराट कोहली की प्रतिक्रिया देखने लायक थी। पूर्व भारतीय कप्तान सूर्यकुमार की विस्फोकट बल्लेबाजी से बेहद प्रभावित नजर आए।

विराट कोहली ने सूर्यकुमार की पारी का दूसरी छोर से बेहद आनंद लिया और  जैसे ही भारत की पारी के 20 ओवर समाप्त हुए, उनकी ओर से साथी बल्लेबाज के लिए दिल को छू देने वाली प्रतिक्रिया देखने को मिली, जिसकी चर्चा इस समय सोशल मीडिया पर खूब हो रही है।

सूर्यकुमार यादव के अविश्वसनीय बल्लेबाजी प्रदर्शन को देखने के बाद कोहली खुद को साथी बल्लेबाज को नमन करने से रोक नहीं पाए, उन्होंने सूर्या के आगे सिर झुकाकर उनका अभिवादन किया।

यहां देखिए वीडियो –

close whatsapp