Asian Games 2026: बारिश ले डूबेगी भारत-अफगानिस्तान का क्वाटर-फाइनल मुकाबला, मैच रद्द होने पर कौन जाएगा सेमीफाइनल?
हाल के दिनों में इस वेन्यू पर खराब मौसम की वजह से कई बार रुकावटें आई हैं।
अद्यतन - सितम्बर 27, 2026 4:24 अपराह्न

जापान के निशिन में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में भारत के शुरुआती मैच पर खराब मौसम का खतरा मंडरा रहा है। सोमवार, 28 सितंबर को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले क्वार्टर-फाइनल मैच के पूरी तरह धुल जाने की आशंका है, क्योंकि पूरे इलाके में भारी बारिश का अनुमान है।
हाल के दिनों में इस वेन्यू पर खराब मौसम की वजह से कई बार रुकावटें आई हैं। शुक्रवार, 25 सितंबर को निशिन में होने वाले मैचों में मलेशिया और ओमान का मैच बारिश की वजह से पूरी तरह रद्द हो गया था, जबकि जापान और नेपाल का मैच बिना किसी नतीजे के खत्म हुआ था। लगातार गीले हालात को देखते हुए यह गंभीर चिंता का विषय है कि क्या पूरे 20 ओवर का मैच या छोटा मैच भी हो पाएगा या नहीं।
अगर लगातार बारिश की वजह से बिना एक भी गेंद फेंके मैच रद्द करना पड़ा, तो टूर्नामेंट के नियम लागू होंगे। एशियाई खेलों के क्रिकेट नियमों के तहत, भारत अपनी बेहतर टूर्नामेंट सीडिंग (जो उनकी ग्लोबल आईसीसी टी20आई रैंकिंग के आधार पर तय होती है) की वजह से अपने-आप सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा।
पिछले एशियन गेम्स में भी हुआ था कुछ ऐसा
यह स्थिति ‘डेजा वू’ (पहले भी ऐसा हो चुका है) की फीलिंग का एहसास कराती है। पिछली बार हांगझोऊ एशियाई खेलों में, भारत और अफगानिस्तान के बीच पुरुषों का फाइनल बारिश के कारण नहीं हो पाया था, जिसके चलते बेहतर सीडिंग के आधार पर भारत ने गोल्ड मेडल जीत लिया था।
भारत के गोल्ड मैडल बचाने की मुहिम की कमान श्रेयस अय्यर और उप-कप्तान तिलक वर्मा संभाल रहे हैं। संजू सैमसन, ईशान किशन, अर्शदीप सिंह और शिवम दुबे जैसे अनुभवी इंटरनेशनल खिलाड़ियों से सजी यह टीम टूर्नामेंट के पहले मैच से पहले रविवार 27 सितंबर को नेट्स पर अभ्यास करने उतरी।
इससे पहले भारतीय महिला टीम की श्रीलंका पर शानदार जीत और गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारतीय टीम पूरे जोश के साथ टूर्नामेंट में उतर रही है और मौसम की चुनौतियों के बावजूद वैसी ही सफलता दोहराने की कोशिश करेगी।