AUS v SA: बड़े टारगेट का पीछा करने में लड़खड़ाई कंगारू टीम, 61 के स्कोर पर गंवाए चार विकेट
सिर्फ 19 रन बनाकर रबाडा की गेंद पर LBW हुए स्टीव स्मिथ।
अद्यतन - अक्टूबर 12, 2023 7:42 अपराह्न

ICC वर्ल्ड कप 2023 का 10वां मैच इस वक्त ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी में अच्छी शुरुआत मिलने के बाद अफ्रीकी टीम पूरे 50 ओवर खेलने के बाद 7 विकेट के नुकसान पर 311 रन ही बना सकी। आखिरी के ओवर्स में कंगारू गेंदबाजों ने शानदार वापसी की।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत अभी तक कुछ अच्छी नहीं रही है। महज 56 के स्कोर तक ऑस्ट्रेलिया के टॉप चार बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। टीम को पहला झटका मिचेल मार्श के रूप में लगा, उसके बाद डेविड वॉर्नर आउट हुए। वहीं नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए स्टीव स्मिथ इस मैच में कुछ खास नहीं कर पाए 19 के निजी स्कोर पर रबाडा की गेंद पर LBW हुए।
इन तीन झटकों से अभी तक कंगारू टीम ठीक से उबर भी नहीं पाई थी कि उनको चौथा झटका जोस इंग्लिस के रूप में लगा जो सिर्फ 5 रन बनाकर रबाडा की गेंद पर बोल्ड हुए। इस मैच में इंग्लिस को एलेक्स कैरी की जगह मौका दिया गया था लेकिन वो कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। लगातार चार विकेट गिरने की वजह से इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम फिलहाल बैकफुट पर नजर आ रही है।
AUS v SA: यहां देखिए स्टीव स्मिथ और जोश इंग्लिस के आउट होने का वीडियो
बता दें कि टाॅस हारकर मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 311 रन बनाए। अफ्रीकी टीम की तरफ से ओपनर क्विंटन डी काॅक ने शानदार 106 रनों की शतकीय पारी खेली, तो उसके बाद एडेन मार्करम ने 56, तेंबा बावुमा ने 35, हेनरिक क्लासेन ने 29 और मार्को यान्सिन ने 26 रनों का अहम योगदान दिया।
तो वहीं आपको ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी के बारे में बताएं तो मिचेल स्टार्क और ग्लेन मैक्सवेल को 2-2 विकेट मिले। तो वहीं जोश हेजलवुड, पैट कमिंस व एडम जंपा ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। वहीं खबर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया की टीम 4 विकेट के नुकसान पर 61 रन बना चुकी है।
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप में इतिहास रचने के बाद रवि शास्त्री ने रोहित शर्मा को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी