BGT 2024: देर से आना यशस्वी जायसवाल को पड़ गया भारी, उनके बिना ही टीम बस हुई रवाना
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट मैच की शुरुआत 14 दिसंबर से गाबा में हो रही है।
अद्यतन - दिसम्बर 11, 2024 3:08 अपराह्न

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट मैच की शुरुआत 14 दिसंबर से ब्रिस्बेन के गाबा में होने वाली है। वहीं इससे पहले 11 दिसंबर को टीम इंडिया ने ब्रिस्बेन के लिए फ्लाइट ली। इसके लिए भारतीय टीम एडिलेड के अपने टीम होटल को जल्द ही छोड़कर एयरपोर्ट पहुंच गई थी और उन्हें सुबह काफी जल्दी अपने होटल से निकलना पड़ा।
इन सबके बीच जो बस टीम इंडिया के खिलाड़ियों को एयरपोर्ट ले जा रही थी, वो बिना यशस्वी जायसवाल के ही चली गई। दरअसल, जायसवाल टीम होटल से बाहर देरी में आए। लोकल टाइम के मुताबिक बस को एयरपोर्ट के लिए रवाना सुबह के 8:30 बजे होना था।
टीम इंडिया को ब्रिस्बेन के लिए फ्लाइट सुबह के 10:05 बजे पकड़नी थी। यही वजह है कि सुबह 8:20 पर टीम इंडिया को अपने बस में बोर्ड करना था। लेकिन यशस्वी जायसवाल कहीं नहीं दिखे। थोड़ी देर इंतजार करने के बाद रोहित शर्मा बस से नीचे उतरे और उन्होंने टीम मैनेजमेंट और वहां के लोकल ऑफिसर से बात की। इसके बाद भारतीय कप्तान फिर से बस के अंदर चले गए।
टीम बस लगभग 8:50 पर एयरपोर्ट के लिए निकली, लेकिन उसमें यशस्वी जायसवाल नहीं थे। बाद में टीम के सुरक्षा अफसर के साथ यशस्वी जायसवाल उनकी कार से आए।
तीसरे टेस्ट को दोनों ही टीमें अपने नाम जरूर करना चाहेंगी
अभी तक इन दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं और दोनों टीमों ने एक-एक मुकाबलों में जीत दर्ज की है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के लिए आगामी टेस्ट मैच काफी महत्वपूर्ण होने वाला है। भारतीय टीम का प्रदर्शन दूसरे टेस्ट में काफी खराब रहा था।
हालांकि, अगर मेन इन ब्लू को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इस चक्र के फाइनल में अपनी जगह पक्की करनी है, तो उन्हें बचे हुए तीनों टेस्ट मैच को जीतना बेहद जरूरी है। फिलहाल 5 मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 की बराबरी पर है।