AUS vs IND 2025: ऑस्ट्रेलिया ने ट्रैविस हेड को श्रृंखला के अंतिम मैचों से किया रिलीज़, शेफ़ील्ड शील्ड खेलेंगे
भारत के इस दौरे के बाद ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड के विरुद्ध पाँच घरेलू टेस्ट मैच खेलेगी।
अद्यतन - नवम्बर 3, 2025 1:36 अपराह्न

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही पाँच मैचों की टी20आई श्रृंखला में तीन मैचों के बाद दोनों ही टीमें एक-एक की बराबरी पर हैं। एक तरफ ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक महत्वपूर्ण जीत अर्जित की तो वहीं तीसरे मैच में भारतीय टीम ने बेहतरीन वापसी करते हुए पाँच विकेटों से मैच को अपने नाम किया।
भारत के इस दौरे के बाद ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड के विरुद्ध पाँच घरेलू टेस्ट मैच खेलेगी। यह श्रृंखला ‘एशेज़’ के नाम से प्रसिद्ध है। इस अत्यंत आवश्यक सीरीज़ को मद्देनज़र रखते हुए ऑस्ट्रेलिया ने रोटेशन नीति अपनाई थी जिसके तहत खिलाड़ियों को भारत के खिलाफ टी20आई श्रृंखला के कुछ मैचों में विश्राम दिया जाएगा।
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने दूसरे मैच के बाद तेज़ गेंदबाज जोश हेज़लवुड को टीम से रिलीज़ कर दिया था। वे आने वाले अगले सप्ताह में अपनी शील्ड टीम के लिए घरेलू मैचों में भाग लेंगे।
ट्रेविस हेड को ऑस्ट्रेलिया ने किया रिलीज़
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही श्रृंखला के अंतिम दो मुकाबलों में सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड टीम का हिस्सा नहीं होंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें शील्ड क्रिकेट खेलने के लिए रिलीज़ किया है। विस्फोटक बल्लेबाज ट्रैविस हेड इस श्रृंखला में दो बार बल्लेबाज़ी करने उतरे परंतु बड़े रन अर्जित करने में असफल रहे।
ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ट्रैविस हेड हाल की एशेज़ श्रृंखलाओं में एक महत्त्वपूर्ण खिलाड़ी रहे हैं। 2021-22 की घरेलू एशेज़ में उनके आक्रामक प्रदर्शन ने उन्हें पहचान दिलाई, जहाँ उन्होंने दो शतक सहित 59.50 की औसत से 357 रन बनाए और प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़ का पुरस्कार जीता। वह टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए एक प्रमुख मध्यक्रम के बल्लेबाज बने हुए हैं।
ऑस्ट्रेलिया की इंग्लैंड के विरुद्ध यह श्रृंखला जल्द शुरू होगी जहाँ दोनों ही टीमें उच्च स्तर का क्रिकेट खेलने का प्रयास करेंगी। साथ ही साथ गौरतलब यह है कि ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस चोट के कारण पहले मुकाबले में शामिल नहीं होंगे और उनकी गैरमौजूदगी में स्टीव स्मिथ टीम का नेतृत्व करेंगे। ऑस्ट्रेलिया इस श्रृंखला में विजयी होने के लिए अपने तजुर्बेकार खिलाड़ी जैसे ट्रैविस हेड से अनेक अपेक्षाएँ रखेगा।