दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए तैयार ऑस्ट्रेलिया, मेजबान ने प्लेइंग XI का किया ऐलान
स्कॉट बोलैंड ने पिछले साल मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में डेब्यू किया था और तब से उन्होंने 10.36 के औसत से 25 विकेट चटकाए हैं।
अद्यतन - दिसम्बर 25, 2022 10:33 पूर्वाह्न

ब्रिसबेन में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 6 विकेट से मात दी। इस पिच में दोनों टीमों के गेंदबाजों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी-अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण विकेट झटके। हालांकि दोनों टीमों के बल्लेबाजों को यहां काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पहला टेस्ट मैच जीतने के बाद अब ऑस्ट्रेलिया दूसरे टेस्ट को भी अपने नाम करना चाहेगी। बता दें, दूसरा यानी बॉक्सिंग डे टेस्ट 26 दिसंबर से मेलबर्न में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया टीम ने दूसरे टेस्ट के लिए अपनी प्लेइंग XI की घोषणा की है। उन्होंने इस प्लेइंग XI में कोई बदलाव नहीं किया है। तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड भी दूसरे टेस्ट में खेलते हुए नजर आएंगे।
बता दें, स्कॉट बोलैंड को अनुभवी जोश हेजलवुड की जगह प्लेइंग XI में शामिल किया गया था जो इस समय चोटिल हैं। हेजलवुड जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए पिछले दो टेस्ट मुकाबलों में भाग नहीं लिया था उनसे उम्मीद लगाई जा रही थी कि बॉक्सिंग डे टेस्ट में वो जबरदस्त वापसी करेंगे लेकिन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस से यह बात साफ कर दी है कि दूसरे टेस्ट में हेजलवुड नहीं खेलेंगे क्योंकि उन्हें लगता है कि वो पूरी तरह से फिट नहीं है।
क्रिसमस की सुबह ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने रिपोर्टरों को बताया कि, ‘हमने जोश हेजलवुड को काफी मौके दिए लेकिन उन्हें अभी भी लगता है कि वो पूरी तरह से फिट नहीं है। उन्होंने खुद यह बात बोली कि उनको खुद अभी पूरी तरह से ठीक नहीं लग रहा है और इसीलिए वो इस महत्वपूर्ण टेस्ट में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे।’
स्कॉट बोलैंड ने पहले टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन किया था: पैट कमिंस
स्कॉट बोलैंड ने पिछले साल मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में डेब्यू किया था और तब से उन्होंने 10.36 के औसत से 25 विकेट चटकाए हैं। पिछली बार जब उन्होंने अपने घर में खेला था तब उन्होंने 7 रन देकर 6 विकेट झटके थे। पैट कमिंस की माने तो स्कॉट के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें प्लेइंग XI से बाहर नहीं किया जा सकता था।
पैट कमिंस ने कहा कि, ‘ हमें सही फैसले की समझ में नहीं थी इसलिए हमने स्कॉट बोलैंड को टीम में शामिल किया। लेकिन हमारा यह फैसला काफी सही साबित हुआ, उन्होंने सच में कमाल की गेंदबाजी की। अगर हम दूसरे टेस्ट में उन्हें प्लेइंग XI में शामिल ना करते तो यह काफी गलत बात होती।
दूसरे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई XI:
डेविड वार्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिशेल स्टार्क, नाथन लियोन, स्कॉट बोलैंड।