गाबा टेस्ट मैच के दौरान टाइगर स्नेक का शिकार होने से बाल-बाल बचा एक तस्मानियाई क्रिकेट फैन! - क्रिकट्रैकर हिंदी

गाबा टेस्ट मैच के दौरान टाइगर स्नेक का शिकार होने से बाल-बाल बचा एक तस्मानियाई क्रिकेट फैन!

ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच बॉक्सिंग डे टेस्ट 26 दिसंबर से MCG में खेला जाएगा।

Gabba Test and Tiger Snake (Image Source: Twitter)
Gabba Test and Tiger Snake (Image Source: Twitter)

ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया हालिया गाबा टेस्ट पैट कमिंस की घातक गेंदबाजी और खराब पिच के कारण सुर्खियों में हैं। दरअसल, तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम अपनी पहली और दूसरी पारी में क्रमशः 152 और 99 रन बनाकर ऑल-आउट हो गई है।

जबकि ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने पहली पारी में 218 रन बनाए और दूसरी पारी में 34 रनों का लक्ष्य चार विकेट के नुकसान पर आठ ओवरों में हासिल कर गाबा टेस्ट 6 विकेट से जीत लिया और इस जीत के साथ जारी घरेलू टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त भी हासिल कर ली। यह मैच केवल दो दिन चला, जहां कुल 34 विकेट गिरे।

इस बीच, ऑस्ट्रेलिया बनाम दक्षिण अफ्रीका गाबा टेस्ट मैच एक और कारण से खबरों में हैं। दरअसल, टीवी पर घर में गाबा टेस्ट का लुफ्त उठा रहे एक फैन के साथ जानलेवा घटना होते-होते रह गई। हुआ यूं कि एक तस्मानियाई व्यक्ति यह मैच देखने में इतना मगन हो गया था कि वह अपने पास रेंगते हुए टाइगर स्नेक को देख नहीं पाया।आपको बता दें, टाइगर स्नेक दक्षिणी ऑस्ट्रेलिया में पाया जाने वाला अत्यधिक विषैला सांप है, जिसका नाम उसकी बाघ जैसी धारियों के कारण टाइगर स्नेक रखा गया है।

गाबा टेस्ट के चक्कर में टाइगर स्नेक का शिकार हो सकते थे पीटर डेबोनो

खबरों के अनुसार, पीटर डेबोनो तस्मानिया के उत्तर-पश्चिमी तट विनयार्ड में लॉन की घास काटने के बाद दोपहर के भोजन के लिए अंदर गए और 18 दिसंबर को गाबा टेस्ट में ट्रैविस हेड की पारी देखने में इतने मस्त हो गए कि उनकी नजर अपनी रसोई के फर्श पर रेंग रहे टाइगर स्नेक से चूक गई। यह जहरीला सांप पीटर डेबोनो के डिशवॉशर के नीचे रेंगता हुआ गया, जिसके बाद उन्होंने नॉर्थ वेस्ट स्नेक कैचर्स को सहायता के लिए फोन किया।

नॉर्थ वेस्ट स्नेक कैचर्स के आते तक डेबोनो ने अपने कुत्तों को सुरक्षित स्थान पर रखा और सांप पर नजर बनाए रही। जिसके बाद सांप पकड़ने वाले केट डाउनिंग ने डिशवॉशर के बगल में कैबिनेट में पाइपों के बीच टाइगर स्नेक को देखा, जो करीब एक मीटर लंबा था और गर्मी से बचने की कोशिश कर रहा था।

पीटर डेबोनो ने एबीसी न्यूज के हवाले से कहा: “मुझे यह खतरनाक टाइगर स्नेक देखने के बाद खुद को संभालने में कुछ सेकंड लगे। यह बहुत अजीब और भयावह एहसास था, जिसकी आप उम्मीद नहीं कर सकते। मैंने पीछे का दरवाजा खुला छोड़ दिया था, इसलिए यह सीधे मेरे पीछे से किचन में चला गया। जैसे ही मेरी नजर सांप पर पड़ी, मैंने अपनी एक आंख क्रिकेट मैच पर और एक नजर डिशवॉशर पर रखी।”

close whatsapp