AUS vs SA: सिडनी टेस्ट में चोटिल मिचेल स्टार्क की जगह लांस मॉरिस को प्लेइंग XI में मिल सकती है जगह
लांस मॉरिस ने हाल ही में घरेलू क्रिकेट में कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से तमाम बल्लेबाजों का विकेट चटकाया है।
अद्यतन - Dec 31, 2022 3:11 pm

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए दूसरे टेस्ट मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को एक पारी और 182 रन से मात देने के बाद तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की अजय बढ़त बना ली है। मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने इस टेस्ट सीरीज में कमाल का प्रदर्शन किया। पहला टेस्ट को उन्होंने 6 विकेट से जीता था और अब दूसरे टेस्ट मैच को भी ऑस्ट्रेलिया ने अपने नाम कर लिया है।
बता दें, दूसरे टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की उंगली में चोट लग गई थी जिसके बाद उनका तीसरे टेस्ट में खेलना काफी मुश्किल लग रहा है। मिचेल स्टार्क के अलावा ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन भी इस टेस्ट के दौरान चोटिल हो गए थे। हालांकि ऑस्ट्रेलिया ने मिचेल स्टार्क की जगह युवा तेज गेंदबाज लांस मॉरिस को टीम में शामिल किया है।
आशंका लगाई जा सकती है कि सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में होने वाले तीसरे टेस्ट मैच में स्टार्क की जगह मॉरिस को प्लेइंग XI में शामिल किया जा सकता है। बता दें, लांस मॉरिस ने हाल ही में घरेलू क्रिकेट में कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से तमाम बल्लेबाजों का विकेट चटकाया है।
काफी अच्छा महसूस हो रहा है ऑस्ट्रेलिया टीम में जगह पाकर: लांस मॉरिस
सिडनी के लिए रवाना होने से पहले लांस मॉरिस ने कहा कि, ‘ यह सच में दिमाग फिरा देने वाली बात है। मैं अभी भी यह नहीं सोच पा रहा हूं कि मेरे साथ क्या हो रहा है। मेरे दिमाग में भी भी काफी कुछ घूम रहा है लेकिन इसके लिए मैं काफी उत्साहित हूं। मैं अपना बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए बेताब हूं।’
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्किया ने कमाल की गेंदबाजी की थी। मॉरिस उनकी गेंदबाजी के प्रशंसक हो गए हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीकाई तेज गेंदबाज की जमकर प्रशंसा की।
मॉरिस ने कहा कि, ‘एनरिक नॉर्किया ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में कमाल की गेंदबाजी की। आखिरी टेस्ट में मैं उनका फैन हो गया। 37 डिग्री में वो 150 केएमपीएच की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे थे जो काफी शानदार था।’