मिचेल स्टार्क ने एक बार फिर खोला मांकडिंग का चैप्टर और बल्लेबाजों को दी कड़ी चेतावनी - क्रिकट्रैकर हिंदी

मिचेल स्टार्क ने एक बार फिर खोला मांकडिंग का चैप्टर और बल्लेबाजों को दी कड़ी चेतावनी

मिचेल स्टार्क ने कहा वह भविष्य में खिलाड़ियों को मांकड़ करने से पहले दोबारा नहीं सोचेंगे!

Mitchell Starc and Theunis de Bruyn (Image Source: Cricket.com.au)
Mitchell Starc and Theunis de Bruyn (Image Source: Cricket.com.au)

ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट के दौरान दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज थ्यूनिस डी ब्रुइन को ‘मांकड’ करने की धमकी दी। दरअसल, थ्यूनिस डी ब्रुइन ऑस्ट्रेलिया बनाम दक्षिण अफ्रीका दूसरे टेस्ट के तीसरे और चौथे दिन लगातार मिचेल स्टार्क के गेंद फेंकने से पहले ही क्रीज छोड़ रहे थे, जिसके चलते ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज को उन्हें ‘मांकड’ के जरिए आउट करने की धमकी देनी पड़ी।

यह घटना ऑस्ट्रेलिया बनाम दक्षिण अफ्रीका दूसरे टेस्ट के चौथ दिन मेहमान टीम की दूसरी पारी के दौरान देखने को मिली, जब मिचेल स्टार्क, जो चोटिल उंगली के साथ गेंदबाजी कर रहे थे, थ्यूनिस डी ब्रुइन को क्रीज से बाहर निकलते देख रेड चेरी रिलीज करने से ठीक पहले रुक गए, और बल्लेबाज को क्रीज पर रहने की सलाह दी।

मिचेल स्टार्क ने मांकड़ डिबेट को फिर से शुरू किया

ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज को स्टंप माइक पर बल्लेबाज को दोबारा ऐसा नहीं करने की चेतावनी देते हुए सुना जा सकता है। स्टार्क ने डी ब्रुइन से यह भी कहा कि जब तक गेंदबाज अपना रन-अप पूरा नहीं कर लेता, तब तक क्रीज के अंदर रहना बहुत मुश्किल काम नहीं है।

स्टार्क ने दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज पर चिल्लाते हुए कहा, “अपनी क्रीज में रहो, यह इतना कठिन नहीं है। यह लाइन किसी उद्देश्य से यहां रखी गई है मेरे दोस्त।”

यहां देखिए कैसे मिचेल स्टार्क ने थ्यूनिस डी ब्रुइन को चेतवानी दी

इस बीच, मिचेल स्टार्क ने दूसरे टेस्ट मैच के बाद मीडिया कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि वह भविष्य में खिलाड़ियों को मांकड़ करने से पहले दोबारा नहीं सोचेंगे, अगर उन्होंने डी ब्रुयन की तरह जल्दी क्रीज छोड़ी। स्टार्क ने यह भी खुलासा किया कि डी ब्रुयन मेलबर्न में तीसरे दिन भी जल्दी ही अपनी क्रीज छोड़ रहे थे, जबकि उन्होंने उसे बार-बार चेतावनी दी थी।

यह पहली बार नहीं था जब स्टार्क ने बल्लेबाज को चेतावनी दी थी। इससे पहले स्टार्क ने इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर को घरेलू सीरीज के दौरान चेतावनी दी थी कि वह उन्हें रन आउट नहीं करेंगे, लेकिन उन्हें अनुचित लाभ भी नहीं उठाने देंगे।

आपको बता दें, ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने दूसरे टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका को एक पारी और 182 रनों से मात देकर तीन मैचों की घरेलू सीरीज 2-0 की बढ़त के साथ अपने नाम कर ली है। अब इस टेस्ट सीरीज का अंतिम मैच 4 जनवरी से SCG में खेला जाएगा।

close whatsapp