देखिये वीडियो - मिचेल स्टार्क का ऑफ-कटर श्रीलंका के खिलाफ हुआ बुरी तरह फ्लॉप, गेंद निकली पिच से कोसो दूर - क्रिकट्रैकर हिंदी

देखिये वीडियो – मिचेल स्टार्क का ऑफ-कटर श्रीलंका के खिलाफ हुआ बुरी तरह फ्लॉप, गेंद निकली पिच से कोसो दूर

मिचेल स्टार्क की वाइड बॉल पर हक्का-बक्का रह गए मैथ्यू वेड, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Mitchell Starc. (Photo source: Twitter)
Mitchell Starc. (Photo source: Twitter)

ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच 15 फरवरी को कैनबरा में खेले गए जारी पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के तीसरे मुकाबले में अनुभवी दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने एक अजीबोगरीब वाइड गेंद फेंकी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

मिचेल स्टार्क की गिनती मौजूदा वक्त में दुनिया के सबसे तेज और घातक गेंदबाजों में होती हैं, लेकिन उन्होंने निश्चित ही 15 फरवरी को श्रीलंका की पारी के दौरान अपने करियर की सबसे खराब गेंद डाली।

वैसे तो मैदान पर काफी बार गेंदबाजों के हाथों से गेंद स्लिप करते हुए देखी गई, लेकिन जिस तरह मिचेल स्टार्क ने तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में एक वाइड गेंद डाली, वह सभी को हैरान कर देने वाली है। यह घटना श्रीलंका की पारी के 18वें ओवर में घटित हुई जब ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज अपने स्पेल का आखिरी ओवर फेंक रहे थे, और स्ट्राइक पर श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका थे।

मिचेल स्टार्क की वाइड बॉल पर हक्का-बक्का रह गए मैथ्यू वेड

इस ओवर की 5वीं गेंद डालते समय गेंद मिचेल स्टार्क के हाथ से फिसल गई। दरअसल, ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज इस गेंद को स्लो डालना चाहते थे, लेकिन ऊंगली घुमाते वक्त गेंद उनके हाथ से फिसल गई और उनका ऑफ-कटर गेंदबाजी करने का प्रयास बुरी तरह से गलत साबित हो गया, क्योंकि गेंद स्टार्क के हाथों से फिसलकर विकेटकीपर मैथ्यू वेड की भी पहुंच से बाहर चली गई।

गेंद की रफ्तार इतनी तेज थी की मैथ्यू वेड भी उसे पकड़ नहीं सके और वह सीधा बाउंड्री पार कर गई, जिसके बाद विकेटकीपर और मिचेल स्टार्क कुछ समय तक हक्के-बक्के रह गए। जब ग्राफिक्स में इस गेंद की ऊंचाई दिखाई गई, तो वह करीब तीन मीटर तक आंकी गई, जिसे अंपायर ने नो बॉल करार दिया और इस तरह श्रीलंका टीम को बोनस के रूप में 5 रन मिल गए।

हालांकि, ऑस्ट्रेलिया श्रीलंका के खिलाफ कैनबरा में यह मुकाबला 6 विकेट से जीतने में कामयाब रही। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने यह घरेलू टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज 3-0 से श्रीलंका के खिलाफ अपने नाम कर ली हैं, वहीं शेष दो मुकाबले 18 और 20 फरवरी को खेले जाएंगे।

यहां देखिए मिचेल स्टार्क द्वारा डाली गई उस वाइड गेंद का वीडियो –

बता दें, मिचेल स्टार्क अपने चार ओवरों में बिना विकेट लिए ही लौटे, लेकिन उन्होंने गेंद के साथ अच्छा प्रदर्शन किया, उन्होंने अपने स्पेल में श्रीलंका को केवल 30 रन दिए।

close whatsapp