AUS vs PAK: टी20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान का किया सूपड़ा-साफ, तीसरे मैच को 7 विकेट से किया अपने नाम
ऑस्ट्रेलिया के लिए मार्कस स्टोइनिस ने किया शानदार प्रदर्शन
अद्यतन - Nov 18, 2024 4:58 pm

AUS vs PAK: ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच जारी टी20 सीरीज का तीसरा मैच आज 18 नवंबर, सोमवार को होबार्ट के बेलीरिव ओवल मैदान पर खेला गया। बता दें कि इस मुकाबले में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के खिलाफ 7 विकेट से एक आसान जीत हासिल की है।
तीसरे टी20 मुकाबले को अपने नाम करने के बाद, ऑस्ट्रेलिया ने टी20 सीरीज में पाकिस्तान का 3-0 से सफाया कर दिया है। इसके साथ ही कंगारू टीम ने वनडे सीरीज में पाकिस्तान से 2-1 से मिली हार का भी बदला ले लिया है।
ऑस्ट्रेलिया को एक आसान जीत दिलाने में हरफनमौला खिलाड़ी मार्कस स्टोइनिस ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने मैच में तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से 61* रनों की शानदार पारी खेली। इस बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए स्टोइनिस को प्लेयर ऑफ द मैच (POTM) के अवाॅर्ड से भी नवाजा गया।
ऑस्ट्रेलिया बनाम पाकिस्तान, तीसरे टी20 मैच का हाल
मुकाबले के बारे में विस्तार से बात की जाए तो पाकिस्तान ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जो उनके लिए एकदम गलत साबित हुआ। कंगारू टीम की शानदार गेंदबाजी के खिलाफ पाकिस्तान 18.1 ओवर में सिर्फ 117 रनों पर ऑलआउट हो गई।
पाकिस्तान के लिए पूर्व कप्तान बाबर आजम ही 41 रनों की बेस्ट पारी खेल पाए। इसके अलावा विकेटकीपर हसीबुल्लाह खान ने 24 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा और कोई खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
दूसरी ओर, मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया। आरोन हार्डी को 3 सफलता मिली, तो स्पेंसर जाॅनसन और एडम जंपा को 2-2 विकेट मिले। इसके अलावा जेवियर बारलेट और नाथन एलिस को भी 1-1 विकेट मिला।
इसके बाद, जब ऑस्ट्रेलिया पाकिस्तान से मिले 118 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो उसने इस टारगेट को 11.2 ओवर में 3 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए जैक फ्रेजर मैगर्क ने 28 और जोश इंग्लिश ने 27 रन बनाए, तो मार्कस स्टोइनिस 61* और टिम डेविड 7* रन बनाकर नाबाद रहे।
A three-nil series sweep for Australia after a Marcus Stoinis blitz! #AUSvPAK pic.twitter.com/yg02pipzev
— cricket.com.au (@cricketcomau) November 18, 2024