WTC फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम की हार पर पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने दिया बड़ा बयान
WTC फाइनल में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया ने 209 रनों से हराया था।
अद्यतन - जून 13, 2023 7:07 अपराह्न

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मैच में रोहित एंड कंपनी को पैट कमिंस की अगुवाई वाली कंगारू टीम ने 209 रनों से हराया था। तो वहीं इस महत्वपूर्ण मुकाबले में टीम इंडिया को मिली हार के बाद उसकी क्रिकेट जगत में काफी किरकिरी हुई थी।
दूसरी ओर अब टीम इंडिया की ओलाचना करते हुए पूर्व क्रिकेटर कार्ति आजाद भारतीय क्रिकेट टीम पर जमकर बरसे हैं। बता दें कि हाल में ही दिए एक मीडिया इंटरव्यू में उन्होंने कहा है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत को हर विभाग में करारी शिकस्त दी थी।
कीर्ति आजाद ने टीम इंडिया को लेकर कही ये बड़ी बात
बता दें कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मैच को लेकर स्पोर्ट्स तक पर बातचीत करते हुए कीर्ति आजाद ने कहा- ऑस्ट्रेलिया ने हमें हर विभाग में हराया। उनकी गेंदबाजी और बल्लेबाजी लाजवाब थी। पहली पारी में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को देखें तो बिल्कुल सटीक थे, विकेट न मिलने पर भी वह एक ही लाइन व लेंथ पर गेंदबाजी करते रहे थे।
आजाद ने आगे कहा- ऐसा लग रहा था कि हमारे गेंदबाज जरूरत से ज्यादा अधिक उत्तेजित हो गए थे। वे उस तरह की लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी नहीं कर पाए थे जैसी उन्हें करनी चाहिए थी। इसलिए मैच हम पहली पारी में ही हार गए थे।
हालांकि, हमने दूसरी पारी में थोड़ी बेहतर गेंदबाजी की, लेकिन अगर हमने पहली पारी में अच्छी गेंदबाजी की होती और हम उन्हें (ऑस्ट्रेलिया) पहली पारी में 300-325 तक आसानी से रोक सकते थे। मैच बन सकता था क्योंकि भारत ने पहली पारी में 296 रन बनाए थे।
दूसरी पारी में गेंदबाजी अच्छी थी लेकिन पहली पारी में बढ़त इतनी ज्यादा थी कि मैच जीतना मुमकिन नहीं लग रहा था। क्रीज पर जब रहाणे और कोहली खेल रहे थे तो ऐसा लग रहा था कि वे ऐसा कर सकते हैं और भारत के पास भी बल्लेबाजी में गहराई है। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण ऐसा नहीं हुआ और वे (टीम इंडिया) विकेट गंवाते गए।