शादी के बाद अपनी पत्नी संग महाकाल के दर्शन करने पहुंचे अक्षर पटेल, वीडियो हुआ वायरल - क्रिकट्रैकर हिंदी

शादी के बाद अपनी पत्नी संग महाकाल के दर्शन करने पहुंचे अक्षर पटेल, वीडियो हुआ वायरल

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अक्षर पटेल शानदार बल्लेबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं।

Axar Patel Meha Patel (Photo Source: Twitter)
Axar Patel Meha Patel (Photo Source: Twitter)

भारतीय खिलाड़ी अक्षर पटेल इस वक्त अपने करियर के बेहतरीन दौर से गुजर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी सीरीज के पहले टेस्ट मैच में अक्षर पटेल ने 84 रनों की पारी खेल भारत के स्कोर को 400 के पार पहुंचाया था। वहीं दूसरे टेस्ट मैच में अक्षर ने 74 रनों की पारी खेल भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में मदद की थी।

दोनों ही मैचों में अक्षर पटेल की शानदार बल्लेबाजी के चलते भारत मैच जीतने में कामयाब रही थी। आपको बता दें कि अक्षर पटेल 26 जनवरी 2023 को अपनी गर्लफ्रेंड मेहा पटेल के साथ शादी के बंधन में बंधे थे। शादी के बाद ये कपल पहली बार बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन पहुंचे।

महाकाल के दरबार पहुंच गए हैं अक्षर पटेल

मंदिर पहुंचने के बाद अक्षर और उनकी पत्नी ने करीब दो घंटे तक महाकाल मंदिर के नंदी हॉल में बैठकर सुबह चार बजे होने वाली भस्म आरती का दर्शन लाभ लिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में अक्षर पटेल और मेहा भष्मा आरती कर दोनों हाथ जोड़ महाकाल का आशीर्वाद लेते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में अक्षर पटेल पंडित की एक बात पर हंसते हुए भी नजर आ रहे हैं।

उज्जैन से अक्षर पटेल का एक और वीडियो सोशल मीडिया में इस वक्त सुर्खियां बटोर रहा है। इस वीडियो में अक्षर पटेल पंडित द्वारा हाथ में कलाई धागा बंधवाते हुए नजर आ रहे हैं। जिस दौरान उनकी पत्नी मेहा पटेल भी उनके बगल में बैठी हुई थी।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच 1 मार्च से इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा। इस स्टेडियम में अब तक खेले गए दोनों टेस्ट मैचों को भारत ने अपने नाम किया है। दिल्ली टेस्ट में भारत ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी। तीसरे टेस्ट मैच में भी टीम इंडिया शानदार खेल बरकरार रखते हुए नजर आएगी।

close whatsapp