Babar Azam ने खत्म किया दो साल का सूखा! फिर से आईसीसी टाॅप-10 रैंकिंग में बनाई जगह

Babar Azam ने खत्म किया दो साल का सूखा! फिर से आईसीसी टाॅप-10 रैंकिंग में बनाई जगह

बाबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार बल्लेबाजी का इनाम मिला

Babar Azam (Image Credit- Twitter X)
Babar Azam (Image Credit- Twitter X)

पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) ने बुधवार को लगभग दो साल का सूखा खत्म करते हुए वापिस से आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में टाॅप-10 में अपना स्थान बनाया। बाबर को हाल में ही वेस्टइंडीज के खिलाफ हुए दो मैचों के टेस्ट सीरीज में अच्छी बल्लेबाजी का इनाम मिला।

31 साल के इस खिलाड़ी ने टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में अपनी बढ़त जारी रखी है। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 88 और नाबाद 24 रन बनाने के बाद वे 15वें स्थान से पांच पायदान ऊपर चढ़कर 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

गौरतलब है कि इस मैच में पाकिस्तान ने 8 विकेट से जीत हासिल की और तीन साल से ज़्यादा समय से चली आ रही विदेशी टेस्ट मैच में जीत का इंतजार खत्म किया। हालांकि, बाबर टेस्ट में शतक लगाने का अपना लगभग चार साल का इंतजार तो खत्म नहीं कर पाए, लेकिन ICC रैंकिंग में अपनी स्थिति को लेकर लगभग दो साल के एक लंबे इंतजार को जरूर खत्म किया।

वह दो साल के अंतराल के बाद टेस्ट बल्लेबाजों की टॉप 10 रैंकिंग में वापस लौटे हैं। पिछली बार वे सितंबर 2024 में टॉप 10 में शामिल थे। बाबर ने इंग्लैंड के बेन डकेट, भारत के ऋषभ पंत, ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स कैरी, न्यूजीलैंड के डेरिल मिशेल और श्रीलंका के दिनेश चांदीमल को पीछे छोड़ दिया है। बाबर के नाम 716 रेटिंग अंक हैं और वे यशस्वी जायसवाल से पीछे हैं।

अब्दुल्ला शफीक और साजिद खान को मिला फायदा

दूसरी ओर, बाबर आजम के अलावा पाकिस्तान के भरोसेमंद बल्लेबाज अब्दुल्ला शफीक व स्पिनर साजिद खान को भी ताजा जारी आईसीसीस रैंकिंग में फायदा मिला है। पोर्ट ऑफ स्पेन में कैरेबियाई टीम के खिलाफ शतक लगाने वाले शफीक 25 पायदान की छलांग के साथ बल्लेबाजों की श्रेणी में 32वें पायदान पर पहुंच गए हैं। तो वहीं, मुकाबले में 4 विकेट लेने वाले साजिद खान भी 5 स्थान के फायदें के साथ टेस्ट गेंदबाजों की श्रेणी में 30वें पायदान पर पहुंच गए हैं।

close whatsapp