ये क्या! मोहम्मद हफीज ने पहले बाबर की आलोचना की, अब कर रहे उनका समर्थन
बाहर बैठकर गलतियां निकालना बहुत आसान है लेकिन उसे दूर करने की जरूरत है। बाबर एक शानदार खिलाड़ी हैं और उनको लोग खेलते हुए देखना चाहते हैं: मोहम्मद हफीज
अद्यतन - Nov 5, 2022 5:48 pm

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में बाबर आजम के प्रदर्शन को लेकर पाकिस्तानी कप्तान की काफी आलोचना की गई है। बता दें, बाबर आजम इस मुख्य टूर्नामेंट में ना तो अपनी बल्लेबाजी से शानदार प्रदर्शन कर पाए और ना ही उनकी कप्तानी इतनी अच्छी रही।
पाकिस्तान टीम ने अपने शुरुआती 2 मुकाबले भारत और जिंबाब्वे के खिलाफ हारे। इसके बाद उन्होंने नीदरलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जीत दर्ज की। इस समय वो सेमीफाइनल की दौड़ में बनी हुई है लेकिन अगर कल भारत और दक्षिण अफ्रीका अपने-अपने मुकाबले जीत जाते हैं तो पाक टीम इस दौड़ से बाहर हो जाएगी।
अच्छा प्रदर्शन ना कर पाने की वजह से तमाम विशेषज्ञों और पूर्व क्रिकेटरों ने ऐसी टिप्पणी की है कि बाबर आजम को टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के बाद कप्तानी पद से हट जाना चाहिए। टीम के दिग्गज मोहम्मद हफीज अपनी वायरल ‘पवित्र गाय’ वाली टिप्पणी के साथ उन आलोचकों में से एक थे। हालांकि अब हफीज ने बाबर आजम का समर्थन करते हुए बड़ा बयान दिया है।
बाबर आजम कमाल के खिलाड़ी हैं और लोग उन्हें खेलते हुए देखना चाहते हैं: मोहम्मद हफीज
भारत के खिलाफ 5 विकेट से मिली हार के बाद मोहम्मद हफीज ने पाकिस्तानी चैनल में कहा था कि, ‘बाबर आजम की कप्तानी पवित्र गाय जैसी है और उसकी आलोचना नहीं की जानी चाहिए। यह लगातार तीसरा बड़ा मुकाबला था और बाबर की कप्तानी में काफी कमियां दिखी लेकिन हम कहते हुए आ रहे हैं कि जब तक वो 32 साल के होंगे तब तक वो काफी कुछ सीख जाएंगे।
भारत के खिलाफ मुकाबले में भी 7-11 ओवर के बीच जब भारतीय टीम हर ओवर में 4 रन भी बड़ी मुश्किल से बना पा रही थी तब आपको अपने स्पिनरों के ओवरों को खत्म कर देना चाहिए था।’
बाबर आजम की कप्तानी और फॉर्म को लेकर हफीज ने अब अपने बयान को बदलते हुए कहा कि, ‘ इससे पहले उसने कभी घरेलू स्तर में इतनी देर तक कप्तानी नहीं की हुई थी। उसको यह भूमिका मिली और उन्होंने अपनी भरपूर कोशिश की। गलती हम सबसे होती हैं जिंदगी में, लेकिन उसको सपोर्ट करना मैनेजमेंट और हम सब के लिए बेहद जरूरी है।
बाहर बैठकर गलतियां निकालना बहुत आसान है लेकिन उसे दूर करने की जरूरत है। बाबर एक शानदार खिलाड़ी हैं और उनको लोग खेलते हुए देखना चाहते हैं।’